ट्रंप के दावों से गहराए संदेह, क्या भारत इतना कर पाएगा? बयानों में भी हैं फ़र्क़
1 min read
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को कहा कि रूस से तेल ख़रीद बंद करने पर भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सहमति जताई है.
ऐसे में अमेरिका भारत पर टैरिफ़ 25 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत कर देगा. ऐसा माना जा रहा है कि इस घोषणा के बाद महीनों से अमेरिका और भारत के रिश्तों में बनी तनातनी पर विराम लग सकता है.
ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर अपनी पोस्ट में लिखा है, ”सोमवार को पीएम मोदी से बात की और कई मुद्दों पर चर्चा हुई. इनमें व्यापार, यूक्रेन में युद्ध को समाप्त करना और अमेरिका के साथ वेनेजुएला से भी ज़्यादा तेल ख़रीदने की बातें शामिल थीं.”
ट्रुथ सोशल पर अपनी पोस्ट में ट्रंप ने कहा, “प्रधानमंत्री मोदी से दोस्ती और सम्मान के चलते उनके अनुरोध पर प्रभावी रूप से तत्काल हमने अमेरिका और भारत के बीच एक व्यापार समझौते पर सहमति जताई है. इसके तहत अमेरिका टैरिफ़ को 25 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत कर देगा.”
ट्रंप ने भारत पर आरोप लगाया था कि वह रूस से तेल ख़रीद कर यूक्रेन के ख़िलाफ़ युद्ध में मदद कर रहा है.
ट्रंप ने पिछले साल अगस्त में रूस से तेल ख़रीदने के कारण भारत पर 25 प्रतिशत टैरिफ़ लगाया था जो पहले से मौजूद 25 प्रतिशत के अतिरिक्त था.
इससे कुल टैरिफ़ 50 प्रतिशत तक पहुंच गया था. यह दुनिया भर में किसी भी देश के ख़िलाफ़ अमेरिका का सबसे ज़्यादा टैरिफ़ था.
ट्रंप ने सोमवार को कहा कि भारत अमेरिका के ख़िलाफ़ अपने टैरिफ़ को शून्य तक घटाएगा और साथ ही 500 अरब डॉलर से अधिक मूल्य के अमेरिकी उत्पादों, जिनमें ऊर्जा, टेक और कृषि उत्पाद शामिल हैं, की ख़रीद के लिए ‘बाय अमेरिकन’ नीति अपनाएगा.
