बरहज घटनाओं पर सपा प्रतिनिधिमंडल का दौरा, सरकार पर उठाए सवाल
1 min read
देवरिया। समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष व्यास यादव के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने बरहज क्षेत्र में हुई तीन घटनाओं के स्थलों का निरीक्षण कर पीड़ित परिवारों से मुलाकात की। सपा नेताओं ने ग्राम समोगर में महेंद्र गौड़ की हत्या, परसिया-देवार में सरयू नदी पर पीपा पुल पर सुरक्षा अभाव में धर्मू प्रसाद की मौत तथा शव तलाश के दौरान गोताखोर सुरेंद्र साहनी की डूबने से मृत्यु को प्रशासनिक लापरवाही बताया।
जिलाध्यक्ष व्यास यादव ने आरोप लगाया कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था चरमरा गई है और गरीब-वंचित वर्ग असुरक्षित है। प्रतिनिधिमंडल ने दोषियों पर कठोर कार्रवाई, मृतकों के परिजनों को मुआवजा व सरकारी नौकरी तथा सरयू नदी पर सुरक्षित पुल निर्माण की मांग की।
सांसद राम भुआल निषाद सहित अन्य नेताओं ने कहा कि पार्टी न्याय के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी और विस्तृत रिपोर्ट प्रदेश नेतृत्व को सौंपेगी। इस दौरान पूर्व राज्य सभा सांसद कनक लता सिंह, स्वामी नाथ यादव, मुरली जायसवाल सहित दर्जनों सपाई मौजूद रहे।
