खाद्य तेल और घी कारोबारियों पर छापेमारी, जांच को भेजे गए नमूने
1 min readदेवरिया। खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए जनपद में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने खाद्य तेल और घी कारोबारियों के यहां छापेमारी कर कार्रवाई की। अभियान के दौरान विभिन्न प्रतिष्ठानों से नौ नमूने जांच के लिए संग्रहित किए गए हैं।
यह अभियान लखनऊ स्थित खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन आयुक्तालय के निर्देश तथा जिलाधिकारी देवरिया के निर्देशन में चलाया गया। 6 मई से 8 मई तक चले अभियान में नवागत सहायक आयुक्त (खाद्य)-2 हितेन्द्र मोहन त्रिपाठी के नेतृत्व में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजीव मिश्र और खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने जनपद के विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने बताया कि प्रदेश के बाहर से आने वाले खाद्य तेल और घी के कारोबार से जुड़े व्यापारियों के प्रतिष्ठानों की विशेष जांच की गई। मिलावट की आशंका पर विभिन्न दुकानों और गोदामों से खाद्य तेल एवं घी के कुल नौ नमूने लेकर उन्हें खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया है।
निरीक्षण के दौरान जिन प्रतिष्ठानों में कमियां पाई गईं, उन्हें सुधार सूचना भी जारी की गई है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि खाद्य प्रयोगशाला से रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
