यूपी चुनाव: योगी ने 209 कैंडिडेट की सूची दिल्ली भेजी, भाजपा में नाम पर काम तेज
1 min read
यूपी विधानसभा चुनाव के लिए सीएम योगी के नेतृत्व वाली भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बड़ी तैयारी शुरू कर दी है। पिछले लोकसभा और एमएलसी चुनाव से सीख लेते हुए भाजपा ने प्रत्याशियों के चयन की प्रक्रिया में पहला और बड़ा कदम बढ़ा दिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 209 उम्मीदवारों की एक सूची दिल्ली में केंद्रीय आलाकमान को भेज दी है। कहा जा रहा है कि टीम योगी के फीडबैक, आंतरिक सर्वे और गहन मंथन के बाद इस सूची को तैयार किया गया है। 403 विधानसभा सीटों वाले यूपी में बहुमत हासिल करने के लिए 202 सीटों की जरूरत होती है। ऐसे में कहा जा सकता है कि आधे से ज्यादा प्रत्याशियों के नाम लगभग तय हो गए हैं। सीएम योगी की तरफ से इन प्रत्याशियों की जीत का पूरा भरोसा दिलाया गया है।
टीवी चैनल इंडिया टीवी के अनुसार सीएम योगी ने अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में ग्राउंड फीडबैक लेने के बाद इस सूची को फाइनल किया है। मुख्यमंत्री का जो अपना फीडबैक सिस्टम है, उसी आधार पर यह नाम तय किए गए हैं। यह ऐसे नाम हैं जिन पर सीएम योगी को जीत का पूरा भरोसा है। कहा जा रहा है कि ग्राउंड फीडबैक और लोकल समीकरण को ध्यान में रखते हुए प्रत्याशियों का नाम फाइनल किया गया है।
