पीड़ित परिवारों से मिलेगा सपा का प्रतिनिधिमंडल
1 min readदेवरिया। समाजवादी पार्टी का प्रतिनिधिमंडल आज देवरिया के दौरे पर रहेगा। यह कार्यक्रम पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश एवं प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल के आदेश पर आयोजित किया गया है। प्रतिनिधिमंडल सुबह 11 बजे विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर हाल की घटनाओं की जानकारी लेगा।
बताया गया कि बरहज विधानसभा क्षेत्र के ग्राम लक्ष्मीपुर निवासी अधिवक्ता विजेंद्र सिंह के निधन के बाद दर्ज एफआईआर को लेकर पार्टी ने सवाल उठाए हैं। सपा का आरोप है कि इस मामले में निर्दोष लोगों को फंसाया गया है, जिससे पीड़ित परिवार को न्याय मिलने के बजाय और परेशानी हो रही है।
इसके अलावा ग्राम सोपरी निवासी पप्पू यादव की हत्या की घटना को लेकर भी पार्टी ने गहरी चिंता जताई है। सपा नेताओं का कहना है कि इस घटना से पूरे क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल है।
वहीं नगर पालिका परिषद देवरिया द्वारा बनाई गई इंटरलॉकिंग सड़क को सरस्वती शिशु मंदिर की बाउंड्री में शामिल कर आम रास्ता बंद करने के मामले को भी प्रतिनिधिमंडल गंभीरता से उठाएगा।
समाजवादी पार्टी ने कहा है कि वह पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है और उन्हें न्याय दिलाने के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगी।
