सम्पूर्ण समाधान दिवस में 73 शिकायतें, सात का मौके पर निस्तारण
1 min read
देवरिया। सदर तहसील सभागार में शनिवार को आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी दिव्या मित्तल की अध्यक्षता और पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर की मौजूदगी में जनसमस्याओं की सुनवाई की गई। इस दौरान फरियादियों ने राजस्व, पुलिस, विकास सहित विभिन्न विभागों से जुड़ी शिकायतें दर्ज कराईं।
समाधान दिवस में कुल 73 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें 33 राजस्व, 15 पुलिस, 4 विकास और 21 अन्य विभागों से संबंधित थे। इनमें से सात मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष प्रकरणों को समयबद्ध समाधान के लिए संबंधित विभागों को भेजा गया। साथ ही दो पात्र लाभार्थियों को अंत्योदय राशन कार्ड और एक को दिव्यांग प्रमाण पत्र वितरित किया गया।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी शिकायतों का निस्तारण गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी और तय समय सीमा में किया जाए। लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई। पुलिस अधीक्षक ने पुलिस से जुड़े मामलों के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।
