बिट्टू तबाही ने दिया ध्रुव राठी को जवाब, कहा- क्रेडिट की बात नहीं है भैया…
1 min read
मध्य प्रदेश में भोपाल से 119 किमी दूर अजनार नदी साफ करके चर्चा में आए सुरेंद्र सिंह चौधरी उर्फ ‘बिट्टू तबाही’ ने यूट्यूबर ध्रुव राठी को जवाब दिया है। दरअसल, राठी ने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव के साथ बिट्टू तबाही के वीडियो शेयर करने की आलोचना करते हुए नदी साफ करने के क्रेडिट को चोरी करने का आरोप लगाया था। उन्होंने लिखा कि सारा काम एक लड़के ने किया, जब वह वायरल हो गया, तो उसे फोटोशूट के लिए बुला लिया।’
अजनार नदी को साफ करने वाले 21 वर्षीय बिट्टू तबाही ने शनिवार को मुख्यमंत्री मोहन यादव से मुलाकात की थी। इस दौरान उन्होंने एक वीडियो शेयर करते हुए सरकार के काम की भी तारीफ की। इसी बात को लेकर ध्रुव राठी ने तंज कसा। ध्रुव ने लिखा, “आ गए क्रेडिट लेने… सारा काम एक लड़के ने किया और अब जब वह वायरल हो गया, तो बुला लिया फोटो शूट करवाने के लिए। बेशर्मी तो देखो उससे बुलवा रहे हैं कि ‘सरकार तो कर ही रही है।’ क्या कर रही है सरकार? कुछ नहीं सिर्फ पीआर कर रही है।”
बिट्टू तबाही का ध्रुव राठी को जवाब
ध्रुव राठी के इस तंज के समर्थन में कई लोग आ गए। लाखों लोगों ने उनके इस पोस्ट को लाइक किया। इसके बाद बिट्टू तबाही ने भी सीधा इसका जवाब दिया। उन्होंने लिखा, “ध्रुव भैया क्रेडिट लेने की बात नहीं है। सरकार ने पहले भी मेरे काम की तारीफ की थी। बात सिविक सेंस की है। मैं बस यह चाहता हूं कि लोगभी अपनी जिम्मेदारी को समझें और मेरी तरह स्वच्छता के लिए आगे आएं।”

गौरतलब है कि बिट्टू तबाही पिछले कुछ महीनों से अजनार नदी को साफ करने की कोशिश करता आ रहा है। कुछ समय तक उसने अपनी दम पर ही इसको साफ करने की कोशिश की। बाद में स्थानीय प्रशासन की तरफ से भी उसे मदद दी गई। शनिवार को सीएम मोहन यादव के साथ मीटिंग के दौरान मुख्यमंत्री ने भी उसकी तारीफ की। उन्होंने कहा कि चौधरी की कहानी यह दिखाती है कि एक अकेला इंसान भी क्या-क्या करत सकता है। बिट्टू ने केवल अजनार नदी को साफ नहीं किया बल्कि समाज को भी बताया है कि बदलाव के लिए किसी भीड़ की जरूरत नहीं होती है।
गौरतलब है कि बिट्टू तबाही के काम को सबसे पहले आनंद महिंद्रा ने सराहा था। इसके बाद धीरे-धीरे उसने काम को और बेहतर ढंग से शुरू किया और व्यूज बढ़ने लगे। लोगों ने आलोचना करना शुरू की कि बिट्टू यह सब लाइक और व्यूज के लिए कर रहा है। इसका जवाब खुद आनंद महिंद्रा ने दिया। उन्होंने कहा कि अगर सोशल मीडिया की वजह से कुछ अच्छा काम हो रहा है, तो इसमें कोई बुराई नहीं है। जनवरी-फरवरी के बीच शुरू हुए बिट्टू के अभियान को आज 9 महीने का समय हो चुका है। सितंबर के महीने में बिट्टू ने नदी पहले की और आखिरी तस्वीर शेयर की। इसके बाद तमाम बढ़े नामों ने उसकी तारीफ की।
