महराजगंज में दो दिवसीय महाआरोग्य शिविर का शुभारंभ
1 min read
महाराजगंज। जिला मुख्यालय स्थित रोडवेज परिसर में शनिवार को दो दिवसीय महाआरोग्य शिविर का शुभारंभ किया गया। इस शिविर का उद्घाटन केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी, पनियरा विधायक ज्ञानेंद्र सिंह, सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया, भाजपा जिलाध्यक्ष संजय पांडेय एवं जिला पंचायत अध्यक्ष रविकांत पटेल ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
शिविर का आयोजन मुंबई की संस्था एचआईवी एड्स रिसर्च एंड केयर सेंटर द्वारा किया गया, जिसमें जिले के हजारों लोग पहुंचे और नि:शुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।
विशाल स्वास्थ्य शिविर में देशभर से आए जाने-माने चिकित्सकों ने मरीजों की जांच कर नि:शुल्क परामर्श दिया और दवाओं का वितरण किया। स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने विभिन्न स्टॉल लगाकर जांच सेवाएं और जानकारी उपलब्ध कराई।
शिविर में दिव्यांगजन के लिए विशेष व्यवस्था की गई थी। उन्हें बैसाखी, चश्मा, व्हीलचेयर, श्रवण यंत्र, ट्राईसाइकिल और ब्लाइंड स्टिक जैसे सहायक उपकरण वितरित किए गए। इन सेवाओं से लाभान्वित लोगों के चेहरे पर खुशी झलक रही थी।
केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में स्वास्थ्य सेवाओं को सुलभ और सस्ता बनाने की दिशा में लगातार कार्य हो रहा है। उन्होंने आयुष्मान भारत योजना को गरीबों और जरूरतमंदों के लिए संजीवनी बताया और लोगों से नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने की अपील की।
पनियरा विधायक ज्ञानेंद्र सिंह ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।
सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया ने शिविर को सेवा और संगठन की सोच का प्रतीक बताते हुए चिकित्सकों व स्वास्थ्यकर्मियों का आभार व्यक्त किया।
भाजपा जिलाध्यक्ष संजय पांडेय और जिला प्रभारी राम जियावन मौर्य ने इस आयोजन को जिले के लिए ऐतिहासिक पहल बताया।
आर.के. एचआईवी एड्स रिसर्च एंड केयर सेंटर के चेयरमैन डॉ. धर्मेंद्र कुमार ने जानकारी दी कि संस्था ने पिछले 30 वर्षों में 32,000 से अधिक स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया है। इसके तहत अब तक 6 करोड़ लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं, 15 करोड़ रुपये की दवाएं, 1.5 करोड़ लोगों को चश्मे, 30 लाख व्हीलचेयर उपलब्ध कराई गई हैं। साथ ही, लाखों टीबी व अन्य गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों का नि:शुल्क ऑपरेशन किया गया है और 500 से अधिक एमआरआई मशीनें स्थापित कराई गई हैं।
इस महाआरोग्य शिविर में क्षेत्रीय उपाध्यक्ष साकेत सिंह सोनू, प्रोजेक्ट हेड डॉ. योगिता बोरिकर, आईडीबीआई बैंक के क्षेत्रीय प्रमुख मनोज कुमार, वरिष्ठ भाजपा नेता अजय कुमार श्रीवास्तव, जिला महामंत्री बबलू यादव, ओम प्रकाश पटेल, इंजीनियर विवेक गुप्ता, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष कृष्ण गोपाल जायसवाल समेत तमाम पदाधिकारी, कार्यकर्ता और क्षेत्रीय जनता मौजूद रही।