गैस वितरण व्यवस्था में लापरवाही बर्दाश्त नहीं : डीएम
1 min read
भाटपाररानी व खुखुन्दू स्थित गैस एजेंसियों का किया औचक निरीक्षण
देवरिया। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने रविवार को भारत गैस एजेंसी भाटपाररानी तथा एचपी गैस ग्रामीण वितरण केंद्र खुखुन्दू का औचक निरीक्षण कर गैस वितरण व्यवस्था एवं उपभोक्ता सेवाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने वितरण प्रणाली, अभिलेखों और उपभोक्ताओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की गहन जांच की।
डीएम ने एजेंसी संचालकों को निर्देशित किया कि उपभोक्ताओं को निर्धारित समय पर पारदर्शी एवं व्यवस्थित तरीके से गैस सिलेंडरों की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि वितरण व्यवस्था में किसी भी प्रकार की अनियमितता या उपभोक्ताओं की शिकायत मिलने पर संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने वितरण रजिस्टर एवं उपभोक्ता अभिलेखों की जांच करते हुए गैस आपूर्ति प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन को समयबद्ध और सुगम सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।
डीएम ने मौके पर मौजूद उपभोक्ताओं से बातचीत कर गैस आपूर्ति एवं एजेंसी की कार्यप्रणाली के संबंध में जानकारी भी ली। उन्होंने अधिकारियों और एजेंसी संचालकों को निर्देश दिया कि उपभोक्ताओं की शिकायतों का त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि गैस वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता और सुरक्षा मानकों से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। वितरण कार्य में लापरवाही अथवा अनियमितता पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
