45 निर्माण श्रमिकों का पंजीकरण, तीन श्रमिकों को बकाया भुगतान
1 min read
देवरिया। निर्माण श्रमिकों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए श्रम विभाग ने 21 अगस्त को 45 श्रमिकों का पंजीकरण कराया। श्रम प्रवर्तन अधिकारी ने श्रमिकों से यूपीबीओसीडब्ल्यू बोर्ड में पंजीकरण और नवीनीकरण कराने की अपील की है।
उन्होंने बताया कि बोर्ड की ओर से मातृत्व, शिशु एवं बालिका मदद, संत रविदास शिक्षा प्रोत्साहन, कन्या विवाह, मृत्यु एवं दिव्यांगता सहायता, गंभीर बीमारी सहायता और अटल आवासीय विद्यालय समेत कई योजनाएं संचालित हैं।
विभाग ने भीखमपुरा के विजय कुमार चौहान को बकाया मजदूरी के 15,000 रुपये, भाटपाररानी की नीतू सिंह को 75,000 रुपये ग्रेच्युटी और उसरा बाजार की संध्या गोड़ को 10,088 रुपये बकाया वेतन दिलाकर शिकायतों का निस्तारण कराया।
श्रमिक पंजीकरण के लिए आधार कार्ड, बैंक पासबुक, पिछले एक वर्ष में कम से कम 90 दिन निर्माण कार्य करने का प्रमाण/स्वघोषणा और आधार से लिंक मोबाइल नंबर जरूरी है। एक वर्ष का पंजीकरण व अंशदान शुल्क 40, दो वर्ष का 60 और तीन वर्ष का 80 रुपये निर्धारित है।
