Prakash veg

Latest news uttar pradesh

सीएम योगी आज करेंगे जन चौपाल का आगाज, यूपी को मिलेगी पहले वानिकी विश्वविद्यालय की सौगात

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को भाजपा द्वारा प्रदेश के सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों में होने वाले जन चौपाल कार्यक्रम का गोरखपुर के शहर विधानसभा से आगाज करेंगे। मिया बाजार शक्ति केन्द्र द्वारा कचहरी स्थित टाउनहॉल में आयोजित कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री 15 हजार से अधिक कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे। जन चौपाल के माध्यम से पार्टी का प्रयास संगठन और सरकार के बीच सामंजस्य स्थापित करना है।

मुख्यमंत्री की मौजूदगी में होने वाले जन चौपाल कार्यक्रम को लेकर भाजपा संगठन से जुड़े पदाधिकारियों के साथ प्रशासनिक जिम्मेदार दिन भर तैयारियों में जुटे रहे। महानगर अध्यक्ष रमेश गुप्ता सुबह से ही टाउन हाल में डटे रहे। दिन में महापौर डॉ.मंगलेश श्रीवास्तव और नगर आयुक्त अजय जैन ने टाउनहाल पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया।

महानगर अध्यक्ष रमेश गुप्ता ने बताया कि कार्यक्रम में महानगर के 10 मंडल के पदाधिकारियों के साथ पार्षद, व्यापारी, अधिवक्ता और प्रबुद्ध वर्ग की सहभागिता होगी। कार्यक्रम में महानगर के 143 शक्ति केन्द्रों के कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे। इस दौरान 892 बूथ अध्यक्ष और बीएलए 2 की मौजूदगी रहेगी। बूथ समिति के 8920 कार्यकर्ताओं के साथ भाजपा और समर्थित 62 पार्षदों की भी सहभागिता होगी।

महानगर अध्यक्ष ने बताया कि गुरुवार के कार्यक्रम के बाद शेष बचे 142 शक्ति केन्द्रों पर जन चौपाल का कार्यक्रम होगा। इसमें सांसद, विधायक के साथ वरिष्ठ पदाधिकारियों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। 10 दिन के अंदर सभी शक्ति केन्द्रों पर जन चौपाल का कार्यक्रम संपन्न कराने का लक्ष्य रखा गया है।

मुख्यमंत्री योगी के जन चौपाल कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए भाजपा महानगर अध्यक्ष रमेश प्रताप गुप्ता ने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ गोलघर क्षेत्र में व्यापारियों से व्यापक जनसंपर्क किया। महानगर अध्यक्ष ने बताया कि गुरुवार को दोपहर 3:00 बजे कचहरी स्थित टाउन हॉल मैदान में मुख्यमंत्री योगी जन चौपाल कार्यक्रम को संबोधित करेंगे है। इसी कार्यक्रम के मद्देनजर व्यापारियों को जन चौपाल में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया। इस दौरान महानगर उपाध्यक्ष संतोष शुक्ला, अमृत लाल भारती, समरेन्दु सिंह, मनोज अग्रहरि, सिद्धांतो घोस, सूरज गुप्ता, विक्की कुकरेजा, विकास शर्मा, आशीष गुप्ता, शशांक द्विवेदी, राहुल साहनी उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री कैम्पियरगंज में प्रदेश के पहले वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय की आधारशिला रखने के साथ ही 792 करोड़ रुपये से अधिक की कुल 55 विकास परियोजनाओं शिलान्यास व लोकार्पण करेंगे। वह 491 करोड़ की फॉरेस्ट्री यूनिवर्सिटी सहित 621.05 करोड़ की 16 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे। साथ ही उनके हाथों 171.13 करोड़ रुपये की 39 परियोजनाओं का लोकार्पण भी होगा।

आयुष चिकित्सा-शिक्षा के क्षेत्र में प्रदेश के प्रथम, महायोगी गुरु गोरखनाथ आयुष विश्वविद्यालय के बाद अब गोरखपुर को प्रदेश के पहले और देश के दूसरे वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय (फॉरेस्ट्री एंड हॉर्टिकल्चर यूनिवर्सिटी) की सौगात मिलने जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को कैंपियरगंज तहसील के भारीवैसी में इस विश्वविद्यालय का शिलान्यास करेंगे। करीब 50 हेक्टेयर क्षेत्रफल में 491 करोड़ रुपये की लागत से इसका निर्माण होगा।

नई उपलब्धि के बाद गोरखपुर प्रदेश का ऐसा अनूठा जिला बन जाएगा, जहां दो विशिष्ट (यूनिक) विश्वविद्यालयों सहित कुल पांच विश्वविद्यालय संचालित होंगे। अब तक जिले में दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय (राज्य विश्वविद्यालय), मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (राज्य प्राविधिक विश्वविद्यालय), महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय (निजी क्षेत्र) और प्रदेश का पहला महायोगी गुरु गोरखनाथ आयुष विश्वविद्यालय (चिकित्सा की पारंपरिक पद्धतियों को समर्पित) मौजूद हैं।

डीएम दीपक मीणा के मुताबिक, कैंपियरगंज के भारीवैसी क्षेत्र में प्रस्तावित वानिकी विश्वविद्यालय का निर्माण कार्य आधुनिक मानकों के अनुरूप किया जाएगा। डीएफओ शुभम सिंह ने बताया कि विवि में वानिकी एवं औद्यानिकी, वन्य जीव संरक्षण, जलवायु परिवर्तन, प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन, एग्रोफॉरेस्ट्री, फल एवं बागवानी सहित कई आधुनिक विषयों में स्नातक (बीएससी) पाठ्यक्रम चलेंगे।

0Shares