उत्तर प्रदेश: बुजुर्ग महिलाओं को योगी सरकार का तोहफा, रोडवेज बसों में कर सकेंगी फ्री बस यात्रा
1 min read
उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने मंगलवार को विधानसभा में पेश किए गए अनुपूरक बजट में बुजुर्ग महिलाओं की सहूलियत को देखते हुए बड़ा फैसला लिया है। योगी सरकार के फैसले के अनुसार, अब यूपी रोडवेज की बसों में 60 वर्ष से अधिक आयु की महिलाएं फ्री बस यात्रा कर सकेंगी।
राज्य सरकार की तरफ से एक बयान में बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के प्रथम अनुपूरक बजट में राज्य सड़क परिवहन निगम को इस व्यवस्था के लिए प्रतिकर भुगतान हेतु 100 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
इसके अलावा योगी सरकार ने महिला कल्याण विभाग के लिए 1094.40 करोड़ रुपये की अतिरिक्त धनराशि भी उपलब्ध करवाई है। इसका उपयोग निराश्रित महिला पेंशन योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना और महिला एवं बाल संरक्षण से जुड़ी विभिन्न योजनाओं को भी सुदृढ़ किया गया है।
बयान में बताया गया है कि पति की मृत्यु के बाद आर्थिक संकट का सामना कर रही महिलाओं को सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से संचालित निराश्रित महिला पेंशन योजना के लिए 930 करोड़ रुपये की व्यवस्था की गई है।
मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना को मिलेंगे 110 करोड़ रुपये
अनाथ तथा विशेष परिस्थितियों में रह रहे बच्चों के शिक्षा, भरण-पोषण और समग्र विकास को सुनिश्चित करने के लिए उत्तर प्रदेश मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना हेतु 110 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
इसके साथ ही उत्तर प्रदेश रानी लक्ष्मीबाई महिला एवं बाल सम्मान कोष के लिए 54.30 करोड़ रुपये की व्यवस्था की गई है, जिससे पीड़ित महिलाओं और बच्चों को समयबद्ध सहायता एवं संरक्षण उपलब्ध कराने की व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी।
पंचायतों को मिले 241.31 करोड़ रुपये
साल 2026-27 के अनुपूरक बजट में पंचायतों के लिए 241.31 करोड़ रुपये का अतिरिक्त प्रावधान किया है। योगी सरकार हर विधानसभा क्षेत्र में पंचायत उत्सव भवन के निर्माण पर विशेष ध्यान दे रही है। राज्य सरकार का मानना है कि इससे ग्राम पंचायतों को सामाजिक, प्रशासनिक और सामुदायिक गतिविधियों के लिए आधुनिक आधारभूत सुविधाएं मिल सकेंगी।
