लोकतंत्र में बदला नहीं, बदलाव करती है जनता; गोरखपुर से कांग्रेस-सपा पर गरजे योगी
1 min read
सीएम योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को गोरखपुर से कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में बदला नहीं, बदलाव करती है जनता। कांग्रेस इतनी बार हार चुकी है कि अब तो हार भी पूछती होगी कि अगला बहाना क्या बनाओगे? ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा पर सीएम योगी ने कहा कि भाजपा की यह यात्रा केवल एक पार्टी की यात्रा नहीं है, यह भारत को विकसित भारत के लक्ष्य तक पहुंचाने के प्रधानमंत्री मोदी के विजन की वो यात्रा है, जिसके लिए भारत का लोकतंत्र जितना सशक्त होगा, उतना ही भारत आत्मनिर्भर और विकसित भारत की संकल्पना को साकार करता हुआ दिखाई देगा।
सीएम योगी ने कहा कि अभी हाल ही में आपने देखा होगी कि दिल्ली में कांग्रेस और इंडी गठबंधन किस प्रकार की अराजकता पैदा करके स्वयं लोकतंत्र के लिए खतरा बना हुआ है। उन्होंने कहा कि इनकी एक प्रवृत्ति बन गई है कि अगर ये चुनाव जीते, तो इनकी अपनी उपलब्धि है, इनका परिश्रम है लेकिन अगर जनता इनको जवाब देती है और इनको नकार देती है, तो ईवीएम पर दोषारोपण करने की इनकी यह प्रवृत्ति हमारे सामने है। देश में लगातार अलग-अलग समय पर और ज्यादातर कांग्रेस के समय में एसआईआर की कार्रवाई संपन्न हुई। आज बांग्लादेशी घुसपैठियों को, पाकिस्तानियों को या मृतकों के नाम जब मतदाता सूची से हटाने के लिए चुनाव आयोग विशेष कार्यक्रम आगे बढ़ाता है, तो फिर वो उसके लिए देश में अराजकता का माहौल पैदा कर रहे हैं।
वहीं, पदयात्रा में शामिल होने गोरखपुर आए यूपी सरकार के मंत्री दयाशंकर सिंह ने मीडिया से बातचीत में कहा कि कांग्रेस पार्टी खुद लोकतंत्र की हत्यारी पार्टी है। कांग्रेस पार्टी ने लोकतंत्र की हत्या की, आपातकाल लगाया, लोगों को जेल भेजा, संविधान की धज्जियां उड़ाईं। लोकतंत्र को कमजोर करने के लिए राहुल गांधी समय-समय पर मजाक करते रहते हैं। इससे देश का लोकतंत्र कमजोर हो रहा है, इसलिए ये रैली को की जा रही है। अखिलेश यादव के बयान पर उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव को विरासत में राजनीति मिली थी। 2012 में मुलायम सिंह यादव ने उनको मुख्यमंत्री बना दिया और मुख्यमंत्री बनने के बाद वो लगातार चुनाव हार रहे हैं। प्रदेश की जनता उन्हें नकार चुकी है।
