Prakash veg

Latest news uttar pradesh

यूपी में किसानों और महिलाओं को बड़ी सौगात की तैयारी, सीएम योगी ने खुद किया ऐलान

1 min read

यूपी में आउटसोर्स कर्मचारियों को दिवाली गिफ्ट के बाद अब किसानों और महिलाओं को सौगात की तैयारी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने खुद किसानों और महिलाओं के लिए विशेष पैकेज की जल्द घोषणा का ऐलान किया है। सीएम योगी ने कहा कि प्राकृतिक कारणों से फसलों में नुकसान झेलने वाले किसानों के लिए शीघ्र ही बड़ा पैकेज लाया जाएगा। इससे प्रदेश के तीन करोड़ किसान परिवार लाभान्वित होंगे। इसके साथ ही कहा कि सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए जल्द ही विशेष पैकेज लेकर आएगी। मुख्यमंत्री ने प्रदेश के किसानों और श्रमिकों को सम्मानजनक व सस्ता भोजन उपलब्ध कराने के लिए महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि प्रदेश की प्रमुख मंडियों और श्रमिक अड्डों पर अन्नपूर्णा भोजनालय शुरू किए जाएंगे। इससे पहले सोमवार को सरकार ने आउटसोर्स कर्मचारियों का मानदेय डेढ़ गुना करने के साथ न्यूनतम मानदेय भी तय कर दिया था।

मुख्यमंत्री मंगलवार को दीपावली के अवसर पर प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को रसोई गैस सिलेंडर रिफिल सब्सिडी वितरित करने के कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने लगभग 1,500 करोड़ रुपये की धनराशि से प्रदेश के 1.89 करोड़ से अधिक पात्र परिवारों को दीपावली का उपहार प्रदान किया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि मंडी में अपनी उपज लेकर आने वाला किसान अब टोकन मनी देकर सम्मान के साथ दो रोटी और भरपेट भोजन कर सकेगा। इसी तरह निर्माण कार्यों में लगे श्रमिकों के लिए बनाए जा रहे श्रमिक अड्डों पर भी अन्नपूर्णा भोजनालय के जरियेे सस्ते भोजन की व्यवस्था होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की मंशा है कि हर व्यक्ति को सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के साथ जीवन जीने का अवसर मिले। हर नागरिक को यह महसूस होना चाहिए कि वह विकास और खुशहाली की व्यवस्था का हिस्सा है। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर लाभार्थियों को सब्सिडी की धनराशि के प्रतीकात्मक चेक वितरित किए।

मुख्यमंत्री ने प्रदेश की माताओं और बहनों को आश्वस्त किया कि सरकार सुरक्षा और नारी गरिमा की रक्षा के साथ उनके सम्मान एवं आर्थिक स्वावलंबन के लिए भी पूरी तत्परता से काम कर रही है।

मुख्यमंत्री ने लखपति दीदी और बीसी सखी योजनाओं की सफलता का उल्लेख करते हुए कहा कि आज महिलाएं उद्योगों में नाइट शिफ्ट में भी काम कर रही हैं। दीपावली के पावन अवसर पर प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत प्रदेश के 1 करोड़ 89 लाख लाभार्थी परिवारों को रसोई गैस सिलेंडर रिफिल सब्सिडी उपलब्ध कराने के महाअभियान का मुख्यमंत्री ने शुभारंभ किया। इस पर सरकार 1,500 करोड़ रुपये व्यय करेगी।

मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारियों को यूरिया व डीएपी खाद की पर्याप्त उपलब्धता पर सतत निगरानी रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में खाद का कृत्रिम संकट पैदा करने, जमाखोरी करने अथवा निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर बिक्री करने वालों के विरुद्ध तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर कठोर कार्रवाई की जाए। धान क्रय केंद्रों पर किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और उनकी उपज की तौल पूरी पारदर्शिता व संवेदनशीलता के साथ की जाए।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published.

https://slotbet.online/