अग्नि सुरक्षा मानकों में लापरवाही पर होगी कार्रवाई: जिलाधिकारी
1 min readदेवरिया। जिले में अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने सभी होटल, गेस्ट हाउस, अस्पताल, रेस्टोरेंट और औद्योगिक प्रतिष्ठानों को कड़े निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि आगजनी की घटनाओं की रोकथाम और आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित बचाव के लिए सभी सुरक्षा मानकों का पालन अनिवार्य रूप से किया जाए।
डीएम ने निर्देश दिया कि सभी प्रतिष्ठानों में पर्याप्त संख्या में अग्निशमन यंत्र स्थापित और क्रियाशील स्थिति में रखे जाएं। फायर अलार्म, स्मोक डिटेक्टर, स्प्रिंकलर सिस्टम और अन्य सुरक्षा उपकरणों की नियमित जांच एवं रखरखाव किया जाए। इमरजेंसी एग्जिट मार्ग अवरोधमुक्त रहें तथा स्पष्ट संकेतक लगाए जाएं।
उन्होंने यह भी कहा कि विद्युत वायरिंग, गैस पाइपलाइन और अन्य जोखिम वाले उपकरणों का समय-समय पर निरीक्षण कराया जाए। कर्मचारियों को अग्निशमन उपकरणों के उपयोग और आपदा की स्थिति में सुरक्षित निकासी का प्रशिक्षण भी दिया जाए। जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि निरीक्षण में मानकों का उल्लंघन मिलने पर संबंधित संस्थानों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
