प्रधानमंत्री मोदी से सीधे संवाद का मौका, कितनी उम्र के युवा और कैसे ले सकते हैं भाग?
1 min read
अगर आपकी उम्र 15 से 29 वर्ष के बीच है और आप देश के विकास को लेकर अपने विचार, नवाचार और सोच राष्ट्रीय मंच पर रखना चाहते हैं तो आपके लिए बड़ा मौका है।
विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2027 की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत माय भारत के माध्यम से आयोजित इस कार्यक्रम का पहला चरण विकसित भारत क्विज है। युवा इसमें 30 सितंबर 2026 तक हिस्सा ले सकते हैं।
खास बात यह है कि राष्ट्रीय स्तर पर चयनित युवाओं को प्रधानमंत्री के साथ संवाद करने का अवसर भी मिलेगा।
जिला युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी ऋषि कुमार ने बताया कि जिले में 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के अधिक से अधिक युवाओं को इस अभियान से जोड़ने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके लिए मंगल दल, विश्वविद्यालय, स्कूल, कॉलेज, इंजीनियरिंग कालेज और पॉलीटेक्निक संस्थानों के युवाओं से संपर्क कर उन्हें My Bharat पोर्टल पर पंजीकरण कराने और विकसित भारत क्विज में भाग लेने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
युवाओं तक कार्यक्रम की जानकारी पहुंचाने के लिए मीडिया, सोशल मीडिया और अन्य प्रचार माध्यमों से व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। विभाग का जोर अधिक से अधिक पात्र युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने पर है।
