विश्व अस्थमा दिवस पर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने पर दिया जोर
1 min readदेवरिया।विश्व अस्थमा दिवस के पर आरोग्य भारती के तत्वावधान में देवरिया विकास खण्ड अंतर्गत रुद्रपुर रोड स्थित एक चिकित्सालय में स्वस्थ जीवनशैली विषयक गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लोगों को अस्थमा के प्रति जागरूक करते हुए स्वस्थ रहने के उपाय बताए गए।
गोष्ठी को संबोधित करते हुए आरोग्य भारती के प्रांतीय उपाध्यक्ष डॉ. अजीत नारायण मिश्र ने कहा कि स्वस्थ रहने के लिए संतुलित जीवनशैली, योग और आयुर्वेद को अपनाना बेहद जरूरी है। उन्होंने बताया कि श्वास नली में संक्रमण होने से अस्थमा की समस्या उत्पन्न हो सकती है, इसलिए इससे बचाव के लिए धूल, गर्दा, पराग कण और अन्य एलर्जी कारकों से परहेज करना आवश्यक है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि ऋतु के अनुसार दिनचर्या और उचित आहार-विहार का पालन करें। बच्चों को जंक फूड जैसे पिज़्ज़ा, बर्गर, मोमोज से दूर रखने और कोल्ड ड्रिंक व सॉफ्ट ड्रिंक से परहेज करने की सलाह दी। इसके स्थान पर घरेलू व पारंपरिक खाद्य पदार्थों के सेवन पर जोर दिया गया।
इस अवसर पर डॉ. उपेन्द्र गिरी, डॉ. बी. एल. विश्वकर्मा, संतोष कुमार, अंजलि दुबे, महिला मोर्चा की सीमा जायसवाल, राजदीप तिवारी सहित दर्जनों लोग उपस्थित रहे।
