भाटपाररानी तहसील में सम्पूर्ण समाधान दिवस सम्पन्न
1 min read
देवरिया। जिलाधिकारी दिव्या मित्तल की अध्यक्षता में शनिवार को भाटपाररानी तहसील में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण व समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। जो प्रकरण मौके पर निस्तारित नहीं हो सके, उन्हें निर्धारित समय सीमा में प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित किया जाए।
समाधान दिवस में कुल 49 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें 12 राजस्व, 13 पुलिस, 4 विकास विभाग तथा 20 अन्य विभागों से संबंधित थीं। इनमें से 8 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष प्रकरण संबंधित विभागों को भेज दिए गए।
इस दौरान 3 पात्र लाभार्थियों को अंत्योदय राशन कार्ड वितरित किए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि समाधान दिवस का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित निस्तारण एक ही स्थान पर करना है, जिससे लोगों को विभिन्न कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। इस अवसर पर जनपद स्तरीय अधिकारी, खंड विकास अधिकारी, तहसील कर्मचारी व थानाध्यक्ष सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
