डीआईजी ने समाधान दिवस में सुनी जन समस्याएं, 19 प्रार्थना पत्र हुए निस्तारित
1 min read
देवरिया। जनपद के समस्त थानों पर शनिवार को थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया, जिसमें पुलिस व राजस्व विभाग के अधिकारियों ने संयुक्त रूप से जन समस्याएं सुनीं। गोरखपुर परिक्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक एस. चन्नप्पा ने थाना मदनपुर में पहुंचकर फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को मौके पर जाकर निस्तारण करने के निर्देश दिए।
इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक आनंद पाण्डेय व क्षेत्राधिकारी रुद्रपुर हरिराम यादव मौजूद रहे। थाना समाधान दिवस के तहत सभी थानों पर डेस्क सिस्टम लगाकर हल्का प्रभारी व बीट पुलिस अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्र की समस्याएं सुनीं और कई मामलों का मौके पर निस्तारण भी कराया गया।
समाधान दिवस में जनपद के समस्त थानों पर कुल 87 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 19 का निस्तारण मौके पर कर दिया गया, जबकि शेष प्रार्थना पत्रों के निस्तारण के लिए पुलिस व राजस्व विभाग की संयुक्त टीम गठित की गई है।
इसी दौरान एस. चन्नप्पा ने थाने का आकस्मिक निरीक्षण भी किया। उन्होंने थाना कार्यालय, मालखाना, शस्त्रागार, हवालात, बैरक, मेस तथा परिसर की साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
उन्होंने अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव, लंबित विवेचनाओं के शीघ्र निस्तारण और महिला संबंधी अपराधों में संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही बीट पुलिसिंग मजबूत करने, हिस्ट्रीशीटरों व वांछित अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने और नियमित गश्त बढ़ाने के निर्देश भी दिए।
