सखनी ताल से गूंजा संरक्षण का संदेश, छात्रों ने रैली निकालकर जगाई पर्यावरण चेतना
1 min read
देवरिया। विश्व आर्द्रभूमि दिवस के अवसर पर पथरदेवा क्षेत्र के ऐतिहासिक सखनी ताल पर पर्यावरण संरक्षण को लेकर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सामाजिक वानिकी प्रभाग देवरिया द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में “आर्द्रभूमि और पारंपरिक ज्ञान” विषय पर विशेष जोर दिया गया।
सेन्ट्रल पब्लिक हायर सेकेंड्री स्कूल के छात्र-छात्राओं ने जागरूकता रैली निकालकर ग्रामीणों को जल, जंगल और जमीन के संरक्षण का महत्व बताया। छात्रों ने स्लोगन लिखी तख्तियों के माध्यम से वेटलैंड बचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान बर्ड वॉचिंग भी कराई गई, जिसमें बच्चों ने दूरबीन से स्थानीय व प्रवासी पक्षियों का अवलोकन किया। अधिकारियों ने बताया कि आर्द्रभूमियां जल शुद्धिकरण, बाढ़ नियंत्रण, भू-जल संरक्षण और जैव विविधता बनाए रखने में अहम भूमिका निभाती हैं। कार्यक्रम में वन विभाग के अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
