लूट की घटना का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार, नकदी व मोबाइल बरामद
1 min readदेवरिया। जनपद के लार थाना पुलिस ने लूट की एक घटना का सफल अनावरण करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने खेमादेई मंदिर के पास से तीनों आरोपियों को दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से लूट का एक मोबाइल फोन, 5670 रुपये नकद तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है। उल्लेखनीय है कि 29 दिसंबर 2025 को वादी से मारपीट कर 18,500 रुपये और मोबाइल लूट लिया गया था।
पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में थाना लार के उपनिरीक्षक व कांस्टेबल शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
