वृहद गो संरक्षण केंद्र करमेल बनरही के जल्द शुरू होने की संभावना
1 min read
देवरिया। जनपद के विकास खंड बैतालपुर अंतर्गत ग्राम करमेल बनरही में वृहद गो संरक्षण केंद्र का निर्माण कार्य प्रगति पर है। खंड विकास अधिकारी बैतालपुर दीपक कुमार ने पशुधन प्रसार अधिकारी निशाकांत तिवारी एवं ग्राम सचिव संजय कुमार यादव के साथ निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान मौके पर उपस्थित ठेकेदार ने बताया कि निर्माण कार्य तेजी से किया जा रहा है तथा इस माह के भीतर कार्य पूर्ण होने की संभावना है। वर्तमान में विकास खंड बैतालपुर अंतर्गत ग्राम बलटिकरा में केवल एक अस्थायी निराश्रित गोआश्रय स्थल संचालित है, जिसकी क्षमता लगभग 30 पशुओं की है। सीमित क्षमता के कारण विकास खंड क्षेत्र के सभी निराश्रित गोवंशीय पशुओं का संरक्षण संभव नहीं हो पा रहा है।
विकास खंड के विभिन्न क्षेत्रों से आवारा गोवंशीय पशुओं के खुले में घूमने की लगातार शिकायतें मिल रही हैं, जिससे राहगीरों के घायल होने की घटनाएँ सामने आ रही हैं तथा किसानों की फसलों को भी नुकसान हो रहा है।
वृहद गो संरक्षण केंद्र के संचालन में आ जाने से विकास खंड क्षेत्र के सभी आवारा गोवंशीय पशुओं को सुरक्षित रूप से संरक्षित किया जा सकेगा, जिससे जनसुरक्षा और किसानों की समस्याओं में भी राहत मिलने की उम्मीद है।
