भतीजी दीपिका की जगह ईशान आनंद को BSP में तवज्जो देंगी मायावती, काफी ‘दुविधा’ के बाद लिया अंतिम फैसला
1 min read
बहुजन समाज पार्टी पिछले कुछ हफ्तों से पारिवारिक मुद्दों से जूझ रही है। इसी बीच, अब पार्टी की सुप्रीमो मायावती ने अपना अंतिम फैसला सुनाया है। उन्होंने इस बार ईशान आनंद पर भरोसा जताया है और दीपिका को लेकर भी अपना रुख साफ कर दिया है।
मायावती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा, “आज मेरा पुनः पार्टी के लोगों से यही कहना है कि मेरे खुद के अनुभव को मद्देनजर रखते हुए यदि इनको राजनीति में कामयाब होना है और समाज के लिए कुछ करना है तो उन्हें मेरी तरह अपने भाई-बहिनों व नजदीकी रिश्ते-नातों आदि के मोह से ऊपर उठकर अपनी पूरी ईमानदारी व निष्ठा से कार्य करना है, इसीलिए बीएसपी के जन्मदाता एवं संस्थापक मान्यवर श्री कांशीराम जी ने राजनीति में आने के बाद, फिर अपने सभी नजदीकी रिश्ते-नातों आदि को राजनीतिक लाभ देने से हमेशा दूर रखा है। उन्हें केवल निःस्वार्थ भावना से पार्टी संगठन में कार्य करने की ही इजाजत दी है। इतना ही नहीं बल्कि इन्होंने अपनी पूरी जिन्दगी, अपना खुद का परिवार ना बनाकर, ’बहुजन समाज’ के हित व कल्याण के लिए ही समर्पित की है।”
बसपा सुप्रीमो ने कहा, “जिनसे प्रेरित होकर फिर मैंने भी उन्हीं के ही पदचिन्हों पर चलने का फैसला लिया और अपनी पूरी जिन्दगी बहुजन समाज के लिए समर्पित कर दी है। लेकिन मैं एक लड़की होने की वजह से फिर मजबूरी में मुझे अपने किसी ना किसी भाई-बहिन आदि को हमेशा अपने साथ रखना पड़ा है, जिसके तहत ही मेरा छोटा भाई श्री आनन्द कुमार यह पिछले काफी वर्षों से मेरी सेवा में कार्यरत है।”
आकाश अशोक सिद्धार्थ के जंजाल में फंसे- मायावती
मायावती ने कहा, “और इनके विशेष आग्रह करने पर फिर इनके परिवार में से मुझे इनके बड़े बेटे श्री आकाश आनन्द को राजनीति में आगे करना पड़ा है। जिनकी शादी होने के बाद से अब श्री आकाश आनन्द का कदम-कदम पर ऐसा रवैया व गतिविधियां आदि रही हैं कि जिसकी वजह से अभी कुछ दिन पहले फिर से इनको पार्टी से अलग भी करना पड़ा है। अर्थात् अब वह अपने ससुर श्री अशोक सिद्धार्थ के जंजाल में पूरी तरह से फंस चुके हैं, जिसे अब पार्टी में वापिस लेना यह पार्टी के लिए बहुत बड़ा विश्वासघात ही होगा, जो मैं यह पार्टी विरोधी गलत कार्य कदापि नहीं कर सकती हूं।”
मायावती ने आगे कहा, “ऐसे में अब मैं श्री आनन्द कुमार के परिवार में से किसको पार्टी में आगे करूं या ना करूं, यह मेरे लिए पिछले कुछ समय से काफी दुविधा सी बनी हुई है, जिस पर विराम देते हुए अब मैंने हर पहलू पर काफी गम्भीरता से सोच-विचार करने के बाद यह फैसला लिया है कि इनके परिवार में से ऐसे किसी सदस्य को अब पार्टी में आगे किया जाये, जो आकाश के नक्शेकदम पर बिल्कुल भी ना चले।”
दीपिका को लेकर भी मायावती ने रुख साफ किया
बसपा चीफ ने दीपिका को लेकर अपना रुख साफ करते हुए कहा, “जहां तक आगे चलकर, इनकी बेटी की मदद लेने का सवाल है तो इनकी शादी होने के बाद, फिर इनका मामला भी यदि श्री आकाश आनन्द की तरह ही निकल गया तो यह भी पार्टी हित में सही नहीं होगा। ऐसी सम्भावना को भी ध्यान में रखकर अब पार्टी हित में यही उचित होगा कि श्री आकाश आनन्द व इनकी बहिन को भी अब पार्टी की कोई भी जिम्मेवारी देने से इन दोनों को एकदम दूर रखा जाये अर्थात् अब इनके इस फैसले में कोई भी फेरबदल नहीं किया जायेगा।”
मायावती ने ईशान आनंद पर भरोसा जताया है। उन्होंपे पोस्ट में लिखा, “अब इन दोनों के स्थान पर श्री आनन्द कुमार के परिवार में से केवल श्री ईशान आनन्द को ही, पार्टी में सम्मानजनक जिम्मेवारी देकर इनको आगे किया जायेगा, जिसका श्री आकाश आनन्द व इनकी बहिन की तरह कभी भी कोई चक्कर नहीं रहेगा। अभी तक ऐसा ही लग रहा है। आगे तो कुछ भी नहीं कहा जा सकता है।”
