यातायात नियम तोड़ने पर 138 वाहनों के चालान, दो सीज
1 min read
देवरिया। यातायात व्यवस्था को सुरक्षित और सुचारु बनाए रखने के लिए शुक्रवार को यातायात पुलिस ने जिले के प्रमुख मार्गों और स्थानों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया। रोडवेज बस स्टैंड और सुभाष चौक पर नो हेलमेट, तीन सवारी और फाल्ट नंबर प्लेट वाले वाहनों के विरुद्ध एमवी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
रोडवेज बस स्टैंड पर सड़क पर वाहन खड़ा कर सवारी उतारने-चढ़ाने वाली बसों के खिलाफ नो-पार्किंग में चालान और सीज की कार्रवाई की गई। वहीं देवरिया-गोरखपुर मार्ग पर खरोह बॉर्डर के पास इंटरसेप्टर वाहन से तेज गति से चलने वाले वाहनों की जांच की गई और निर्धारित गति सीमा का उल्लंघन करने वालों के चालान किए गए।
अभियान में कुल 138 वाहनों का चालान और दो वाहनों को सीज किया गया। यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से हेलमेट व सीट बेल्ट का प्रयोग करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने और सड़क पर अनावश्यक पार्किंग न करने की अपील की।
