ईंट-भट्ठों पर बाल श्रम मिला तो होगी कार्रवाई, श्रमिकों की सुरक्षा के भी निर्देश
1 min read
सोनूघाट क्षेत्र के दो भट्ठों का श्रम विभाग ने किया निरीक्षण, सुरक्षा उपकरण और अभिलेख दुरुस्त रखने को कहा
देवरिया। ईंट-भट्ठों पर श्रमिकों की सुरक्षा और श्रम कानूनों के अनुपालन को लेकर श्रम विभाग ने सख्ती शुरू कर दी है। बुधवार को विभागीय टीम ने सोनूघाट क्षेत्र स्थित मिश्रा ईंट उद्योग और गणेश ब्रिक्स इंडस्ट्रीज का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने संचालकों को कार्यस्थल पर श्रमिकों के लिए सुरक्षा और स्वास्थ्य की समुचित व्यवस्था के निर्देश दिए।
सहायक श्रम आयुक्त स्कंद कुमार और श्रम प्रवर्तन अधिकारी दिनेश कुमार ने निरीक्षण के दौरान भट्ठा संचालकों को श्रम कानूनों और शासन के निर्देशों का अनिवार्य रूप से पालन करने को कहा। कार्यस्थल पर आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने और सुरक्षित वातावरण बनाए रखने के निर्देश दिए।
बाल श्रम पर सख्ती
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि किसी भी दशा में बाल श्रमिकों से काम नहीं कराया जाए। गर्भवती महिलाओं से भी कार्य नहीं कराने के निर्देश दिए गए। श्रमिकों के साथ किसी प्रकार का शोषण न हो और उन्हें श्रम कानूनों के तहत मिलने वाली सुविधाएं एवं अधिकार उपलब्ध कराए जाएं।
भट्ठा संचालकों को श्रमिकों से संबंधित सभी आवश्यक रजिस्टर और अभिलेख अद्यतन रखने तथा निरीक्षण के दौरान मांग किए जाने पर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। श्रमिकों की पहचान और रोजगार से संबंधित अभिलेखों का भी समुचित रखरखाव करने को कहा गया।
सहायक श्रम आयुक्त स्कंद कुमार ने जनपद के सभी ईंट-भट्ठा स्वामियों और संचालकों से श्रम कानूनों का पूरी तरह पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि बाल श्रम की रोकथाम और श्रमिकों की सुरक्षा में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निर्माण श्रमिकों का कराएं पंजीकरण
अधिकारियों ने भट्ठा संचालकों से पात्र निर्माण श्रमिकों का उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड में पंजीकरण कराने को कहा, ताकि उन्हें बोर्ड की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिल सके।
श्रम विभाग ने स्पष्ट किया कि ईंट-भट्ठों पर श्रमिकों के पंजीकरण, सुरक्षा, कल्याण और श्रम कानूनों के अनुपालन को लेकर निरीक्षण आगे भी जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन मिलने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
