Prakash veg

Latest news uttar pradesh

रजिस्ट्री दफ्तरों पर अचानक पहुंची प्रशासन की टीम, सलेमपुर में कर्मचारी मिला गैरहाजिर

1 min read

 

उप निबंधक कार्यालयों में उपस्थिति, अभिलेख और व्यवस्थाओं की जांच; अनियमितता पर कार्रवाई की चेतावनी

देवरिया। रजिस्ट्री कार्यालयों में कामकाज की व्यवस्था और पारदर्शिता जांचने के लिए बुधवार को प्रशासन की टीमें अचानक पहुंचीं। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी के निर्देश पर सभी तहसीलों के उप जिलाधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्र के उप निबंधक कार्यालयों का निरीक्षण किया। इस दौरान कर्मचारियों की उपस्थिति, अभिलेखों के रखरखाव, ऑनलाइन सेवाओं और साफ-सफाई की जांच की गई।
बरहज में एसडीएम शशिकांत मणि ने सुबह 10:20 बजे उप निबंधक कार्यालय का निरीक्षण किया। सभी अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित मिले। उत्कर्ष बैंक के कर्मचारी रजिस्टर्ड मॉर्गेज के लिए कार्यालय में मौजूद थे। कोई निजी व्यक्ति कार्यालय में काम करता नहीं मिला।
रुद्रपुर में एसडीएम राज गुप्ता ने उपस्थिति पंजिका और अभिलेखागार की जांच की। सभी कर्मचारी उपस्थित मिले। अभिलेखों को व्यवस्थित रखने और साफ-सफाई बेहतर करने के निर्देश दिए गए। कार्यालय आए लोगों से भी जानकारी ली गई, जिन्होंने किसी समस्या से इनकार किया।
सदर में एसडीएम प्रवीण कुमार के निरीक्षण में सभी कर्मचारी उपस्थित मिले। कंप्यूटर कक्ष की गोपनीयता बनाए रखने के लिए उसे अंदर से बंद रखने और ऑनलाइन पंजीकरण सेवाओं का समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए गए। कार्यालय में शुल्क और आवश्यक सूचनाएं स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करने को भी कहा गया।
भाटपाररानी में एसडीएम दीपराज सिंह के निरीक्षण में सभी कर्मचारी उपस्थित मिले। अभिलेखों का रखरखाव संतोषजनक मिला। पंजीकरण से जुड़े दो मामले लंबित मिले, जिनके हाल ही में प्राप्त होने की जानकारी दी गई। दोनों के नियमानुसार समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए गए।

सलेमपुर में मिली खामी

सलेमपुर में एसडीएम क्षितिज द्विवेदी के निरीक्षण में उप निबंधक प्रतिमा सिंह मौजूद मिलीं, जबकि लिपिक आदित्य विश्वकर्मा अनुपस्थित मिले। बताया गया कि वह स्पॉट जांच के लिए गए हैं, लेकिन उपस्थिति पंजिका पर उनका हस्ताक्षर नहीं था। वहीं कार्यालय में एक व्यक्ति संविदा कर्मचारी के साथ काम करता मिला। पूछताछ में उसके पिछले दो वर्षों से आउटसोर्सिंग के माध्यम से काम करने की जानकारी सामने आई, जबकि वर्तमान में उसका नवीनीकरण नहीं हुआ था। एसडीएम ने संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।
डीएम ने सभी उप निबंधकों को रजिस्ट्री और पंजीकरण कार्यों को पारदर्शी व समयबद्ध ढंग से पूरा करने तथा कार्यालयों की व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निरीक्षण आगे भी जारी रहेगा और किसी भी अनियमितता या लापरवाही पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published.

https://slotbet.online/