भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व ने मंगलवार को उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों की गहन समीक्षा की। इस दौरान केंद्रीय नेतृत्व ने साफ कर दिया कि सरकार और संगठन को बेहतर समन्वय के साथ काम करना होगा। संगठन की कतई उपेक्षा नहीं होगी और हर कार्यकर्ता को प्यार-सम्मान के साथ चुनाव अभियान में जुटाने के लिए राज्य के नेतृत्व को आगे आना होगा।
मथुरा में पार्टी के दो दिवसीय मंथन के बाद दिल्ली आए राज्य के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार शाम को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और उसके बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। दोनों ही मुलाकातों में पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष भी मौजूद रहे। चूंकि, संतोष मथुरा की बैठक में दोनों दिन मौजूद रहे। वहां की पूरी चर्चा और उसका फीडबैक मुख्यमंत्री के साथ मिलकर पार्टी के दोनों शीर्ष नेताओं के सामने रखा, ताकि कहीं कोई संवादहीनता न रहे।
सूत्रों के अनुसार, यह बैठक इसलिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है, क्योंकि इसके पहले कुछ ऐसी खबरें सामने आई थी, जिसका खंडन पार्टी को उच्च स्तर पर करना पड़ा था। पार्टी नहीं चाहती है कि ऐसी स्थिति आगे भी बने और पार्टी की चुनाव रणनीति प्रभावित हो। पार्टी ने यह भी स्पष्ट कर दिया है कि केंद्रीय चुनाव प्रभारी की नियुक्ति के बाद ही सीट और उम्मीदवारों को लेकर कोई बात होगी। सूत्रों के अनुसार, मथुरा की बैठक में जो फीडबैक सामने आया है, उसको भी राष्ट्रीय महामंत्री ने दोनों वरिष्ठ नेताओं के सामने रखा और मुख्यमंत्री की मौजूदगी में इसे लेकर भावी रणनीति पर भी चर्चा की गई।
वहीं, मिशन-2027 अभियान में जुटी भारतीय जनता पार्टी की मथुरा में हुई योजना बैठक में यह तय हो गया कि पार्टी किन मुद्दों को लेकर चुनाव में जाने वाली है। इनमें श्रीकृष्ण जन्मभूमि, जेन-जी यानी युवा, यूजीसी, प्रदेश की कानून-व्यवस्था और विकास शामिल हैं। इन मुद्दों के साथ पार्टी अपने कार्यकर्ताओं की नाराजगी दूर करने में भी जुटेगी। पार्टी को भरोसा है कि कार्यकर्ता जी-जान से चुनाव में जुटेंगे और भाजपा जीत की हैट्रिक लगाने में सफल रहेगी।
पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने भी बैठक में साफ कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं के बल पर चुनाव जीतेगी। मंगलवार की बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित सोमवार की बैठक में मौजूद रहे 54 नेताओं के अलावा पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी शामिल रहे।
श्रीकृष्ण जन्मभूमि के मुद्दे को लेकर पार्टी का हर नेता मुखर है। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी सोमवार को इस मुद्दे पर खुलकर बात की और अखिलेश को चुनौती देते रहे। वहीं, अन्य नेताओं ने भी इस मुद्दे पर खुलकर राय व्यक्त की। पार्टी की सांसद हेमा मालिनी ने भी सोमवार को पत्रकारों के समक्ष श्रीकृष्ण जन्मस्थान को लेकर खुलकर अपनी राय दी। इससे साफ है कि इस चुनाव में भाजपा श्रीकृष्ण जन्मस्थान के मुद्दे पर फ्रंट फुट पर रहेगी।
पार्टी सूत्रों का कहना है कि बैठक में इस विषय पर साफ हो गया कि चुनाव में राम मंदिर के निर्माण को सामने रखते हुए श्रीकृष्ण जन्मस्थान का मुद्दा जोर-शोर से उठाया जाएगा। पार्टी सूत्रों ने बताया कि बैठक में पार्टी कार्यकर्ताओं के सम्मान पर भी चर्चा हुई। बैठक में तय हुआ कि चुनाव से पहले कार्यकर्ताओं की नाराजगी दूर कर उन्हें चुनाव प्रचार में सक्रिय किया जाए।

More Stories
यूपी चुनाव में कृष्ण के नाम पर सियासी संग्राम, हिंदू वोटों के लिए सपा-भाजपा में मुकाबला
मथुरा बैठक के बाद दिल्ली में चुनावी रणनीति को धार देने की कवायद शुरू, दिल्ली में अमित शाह और नितिन नवीन से मिले CM योगी
यूपी में 80% वोट और 80% सीट जीत पाएगी बीजेपी? सीएम योगी ने दिया ये जवाब, 15-20 फीसदी का भी किया जिक्र