110 करोड़ के अलीगढ़ एयरपोर्ट पर सुरक्षा जवान बेहाल, 16 महीने से टॉयलेट और बैरक तक नसीब नहीं
1 min read
Aligarh Airport: अलीगढ़ से हवाई जहाज में बैठकर उड़ान भरने का लोगों को बेसब्री से इंतजार है। इसी तरह बंद एयरपोर्ट की सुरक्षा के लिए 16 माह से जवान बैरक का इंतजार कर रहे हैं। चौथी वाहिनी विशेष सुरक्षा बल, मथुरा के 76 महिला-पुरुष जवान एयरपोर्ट पर तैनात हैं। इन जवानों के लिए शौचालय, स्नानगर, भोजनालय समेत अन्य मूलभूत सुविधाएं तक मुहैया नही हैं। फिर भी यह जवान अपनी ड्यूटी निभा रहे हैं। पीएसी मुख्यालय 2025 से एयरपोर्ट के पास तीन एकड़ जमीन की मांग कर रहा है।
मार्च 2024 में पीएम मोदी ने अलीगढ़ एयरपोर्ट का वर्चुअल उद्घाटन किया था। पहली बार 19 सीटर विमान ने यहां लैडिंग की थी तो दूसरी फ्लाइट लखनऊ के लिए रवाना हुई। इसके साथ-साथ आजमगढ़, श्रावस्ती, मुरादाबाद और चित्रकूट एयरपोर्ट का भी उद्घाटन किया गया था। एयरपोर्ट पर करीब 110 करोड़ रुपये का बजट खर्च हुआ। इसमें भूमि अधिग्रहण और निर्माण कार्य लागत दोनों शामिल हैं।
एयरपोर्ट से वर्तमान में सिर्फ चेतक व पायनियर फ्लाइंग एकेडमी के ट्रेनी विमान उड़ान भर रहे हैं। यहां पायलट की ट्रेनिंग लेने वाले बच्चे ही इन विमानों को उड़ाते हैं। ऐसे में एयरपोर्ट की सुरक्षा विशेष सुरक्षा बल के हवाले हैं। 76 जवान अलग-अलग शिफ्टों में यहां ड्यूटी देते हैं। एक अनुमान के मुताबिक एयरपोर्ट की सुरक्षा पर होने वाले खर्च करीब 45 लाख रूपये प्रति महीने बनता है।
यूपी विशेष सुरक्षा बल के पुलिस उपमहानिरीक्षक हेमन्त कुटियाल द्वारा 2025 से अब तक सात बार पत्र जारी एयरपोर्ट की सुदृढ सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत एयरपोर्ट सुरक्षा में तैनात विशेष सुरक्षा बल जवानो की मूलभूत सुविधाओं (शस्त्रागार, बैरक, कार्यालय, भोजनालय, शौचालय, स्नानागार,) के निर्माण के लिए एयरपोर्ट के आस-पास लगभग 3 एकड़ भूमि मांगी गई है। हैरत की बात है कि अब तक जमीन नहीं मिल सकी है।
एयरपोर्ट का होना है विस्तारीकरण
एयरपोर्ट का विस्तारीकरण भी किया जा हा है। वर्तमान में एयरपोर्ट का दायरा 150 हेक्टेयर है। इसके लिए आसपास के पनेठी, अलहदादपुर, इकरी, खानगढ़ी और निजामतपुर बोरना क्षेत्र की 275 हेक्टेयर भूमि खरीदी जा रही है। छोटे-बड़े करीब एक हजार किसानों से इसकी खरीद होनी है। इस पर 738 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
2023 से ड्यूटी दे रहे जवान
पुलिस उपमहानिरीक्षक द्वारा भेजे गए पत्र के अनुसार प्रमुख सचिव गृह (पुलिस) के द्वारा एयरपोर्ट अलीगढ़ की सुरक्षा व्यवस्था विशेष सुरक्षा बल से कराये जाने की स्वीकृति प्रदान की गई थी। जिसके अनुपालन में एयरपोर्ट पर विशेष सुरक्षा बल द्वारा 29 दिसंबर 2023 से सुरक्षा ड्यूटी सम्पादित की जा रही है।
डायरेक्टर सत्यव्रत सारस्वत ने बताया कि एयरपोर्ट पर विशेष सुरक्षा बल के जवानों की आठ-आठ घंटे की तीन शिफ्टों में ड्यूटी रहती है। वर्तमान में सभी जवान पीएसी वाहिनी में निवास करते हैं। बैरक निर्माण के लिए पत्राचार चल रहा है। संभवत: एयरपोर्ट का विस्तारीकरण होने पर ही निर्माण हो सकेगा।
जवानों का कर रहा कठिनाइयों का सामाना
पुलिस उपमहानिरीक्षक के अनुसार एयरपोर्ट सुरक्षा में विशेष सुरक्षा बल के 76 जवानो (महिला/पुरुष) को तैनात किया गया है। विशेष सुरक्षा बल के जवानों के लिए मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध न होने से जवानों को कठिनाईयों का सामना करना पड़ रहा है।
