अयोध्या के आसमान में 2100 ड्रोन दिखाएंगे राम-रावण युद्ध, पुराने सरयू पुल से होगा फायर शो
1 min read
रामनगरी अयोध्या के दसवें दीपोत्सव में इस बार आसमान में रामायण की गाथा साकार होगी। मेड इन इंडिया के 2100 ड्रोन एक साथ आकाश में भगवान श्रीराम, लक्ष्मण और हनुमान की धनुर्धारी मुद्राओं के साथ राम-रावण युद्ध का दृश्यात्मक चित्रण करेंगे। करीब 10 मिनट के इस शो में लेजर लाइट, वॉयस ओवर और संगीतमय नैरेशन का भी संयोजन होगा। वहीं, सरयू के पुराने पुल पर 600 फीट की ऊंचाई तक ग्रीन एरियल फायर क्रैकर्स शो के जरिए आसमान को रोशन किया जाएगा। 33 लाख दीपों के प्रज्ज्वलन के साथ इस बार दीपोत्सव को तकनीक, संस्कृति और आध्यात्मिकता के अनूठे संगम के रूप में सजाने की तैयारी है।
उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग की ओर से आयोजित दीपोत्सव-2026 में पिछले सालों के मुकाबले ड्रोन शो का दायरा बढ़ाया गया है। साल 2024 में 500 ड्रोन और 2025 में 1100 ड्रोन के जरिए एरियल शो हुआ था। इस बार इनकी संख्या बढ़ाकर 2100 कर दी गई है। ड्रोन के जरिए पौराणिक और आध्यात्मिक प्रसंगों को कलात्मक रूप में प्रस्तुत किया जाएगा। क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी बृजपाल सिंह ने बताया कि सरयू नदी के पुराने पुल पर ग्रीन एरियल फायर क्रैकर्स शो आयोजित किया जाएगा। करीब 15 मिनट तक चलने वाले इस शो में प्रदूषण मुक्त ग्रीन आतिशबाजी मुख्य आकर्षण होगी।
