25 हजार का इनामी गोतस्कर गिरफ्तार
1 min readदेवरिया। जनपद के भाटपाररानी थाना पुलिस और स्वाट टीम ने संयुक्त कार्रवाई में गोतस्करी के मामले में वांछित 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान संभल जिले के बनियाठेर थाना क्षेत्र के खेरा खास निवासी रिंकू के रूप में हुई है। उसे सोनूघाट चौराहे के पास से गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार रिंकू वर्ष 2024 में भाटपाररानी थाने में दर्ज गोवध निवारण अधिनियम एवं पशु क्रूरता अधिनियम के मुकदमे में वांछित था। विवेचना के दौरान उसके खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी हुआ था, लेकिन लगातार फरार रहने पर पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
पुलिस ने बताया कि इसी मामले में घटना के समय चार अन्य आरोपितों को गिरफ्तार कर एक पिकअप वाहन से पांच गोवंशीय पशु बरामद किए गए थे, जबकि रिंकू फरार हो गया था। लंबे समय से उसकी तलाश की जा रही थी।
गिरफ्तारी की कार्रवाई अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी सुनील सिंह और क्षेत्राधिकारी भाटपाररानी मनोज के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष अभिषेक राय, भाटपाररानी पुलिस तथा स्वाट/सर्विलांस टीम ने संयुक्त रूप से की।
