मिशन शक्ति 5.0 का व्यापक अभियान, पुलिस ने घर-घर पहुंचाई जागरूकता
1 min readदेवरिया। उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा व सशक्तिकरण को लेकर ‘मिशन शक्ति फेज-5.0’ के तहत जनपद में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर के निर्देशन में सभी थानों की मिशन शक्ति और एंटी रोमियो टीमों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
भाटपार रानी थाना क्षेत्र में उपनिरीक्षक जयप्रकाश पाण्डेय, आरक्षी प्रीतम कुशवाहा, अमित कुमार, महिला आरक्षी अंजू कुमार और रिक्रूट आरक्षी रुपाली सिंह की टीम ने कस्बे में महिलाओं और बच्चियों को पम्पलेट वितरित कर जागरूक किया। इस दौरान डायल-112, महिला हेल्पलाइन-181, वुमेन पावर लाइन-1090, चाइल्ड हेल्पलाइन-1098, सीएम हेल्पलाइन-1076, स्वास्थ्य सेवा-102, एंबुलेंस-108 और साइबर हेल्पलाइन-1930 जैसी महत्वपूर्ण सेवाओं की जानकारी दी गई।
इसी क्रम में थाना लार क्षेत्र के सहजौर गांव में भी पुलिस टीम ने महिलाओं, छात्राओं और बालिकाओं को सरकारी योजनाओं और सुरक्षा से जुड़े हेल्पलाइन नंबरों के बारे में विस्तार से बताया। टीम में नंद यादव, आरक्षी मंजीत खरवार, अजय यादव और महिला आरक्षी नेहा पाण्डेय शामिल रहीं।
जनपद के अन्य थानों में भी सार्वजनिक स्थलों, बाजारों और धार्मिक स्थानों पर अभियान चलाकर महिलाओं को उनके अधिकारों और सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक किया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह अभियान महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ाने और उन्हें सुरक्षित वातावरण देने की दिशा में एक अहम कदम है।
