बौद्धिक क्रांति के संकल्प के साथ सपा इंटलेक्चुअल फोरम की पहली बैठक संपन्न
1 min read
देवरिया। शहर के सोंदा स्थित एक व्यापारिक प्रतिष्ठान में रविवार को समाजवादी पार्टी इंटलेक्चुअल फोरम की जनपद स्तरीय पहली एवं महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला प्रभारी प्रो. संतोष यादव ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रो. एस.के. श्रीवास्तव शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि के फूल-माला एवं शाल ओढ़ाकर स्वागत के साथ हुई। बैठक का मुख्य विषय बौद्धिक क्रांति सत्ता परिवर्तन की ओर रहा, जिस पर उपस्थित बुद्धिजीवियों ने एकजुट होकर आगे बढ़ने का संकल्प लिया।
मुख्य अतिथि प्रो. एस.के. श्रीवास्तव ने अपने संबोधन में कहा कि बौद्धिक प्रकोष्ठ समाज में वैचारिक मजबूती लाने और जनसंवाद स्थापित करने का माध्यम बनेगा। उन्होंने कहा कि बेरोजगारी, महंगाई और भ्रष्टाचार जैसे ज्वलंत मुद्दों को लेकर समाज में जागरूकता बढ़ाई जाएगी तथा समानता और बंधुत्व के सिद्धांतों को मजबूत किया जाएगा।
अध्यक्षता करते हुए प्रो. संतोष यादव ने कहा कि यह मंच समता, समानता और सामाजिक समरसता की स्थापना के लिए कार्य करेगा। उन्होंने इसे देवरिया में बौद्धिक फोरम की पहली संगोष्ठी बताते हुए सभी प्रतिभागियों का स्वागत किया और समाज के हर वर्ग को जोड़ने पर जोर दिया।
बैठक में सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता कपीश श्रीवास्तव, डॉ. शिव सहाय चौधरी, प्रो. सूरज गुप्ता, अनमोल भारती, डॉ. विमल कुमार, डॉ. ब्रजेश कुमार, मोहन गुप्ता, डॉ. बृजेश प्रजापति, अवनीश यादव, दिव्यांश श्रीवास्तव, विनोद यादव, घनश्याम यादव, अजय पटेल, सुभाष कुशवाहा, विजय यादव, ज्ञान प्रकाश यादव, एडवोकेट राजू यादव, मंतोष यादव, सुधीर कुमार, नंद कुमार यादव, जय प्रकाश भारतीय, विजय प्रताप, विकास गौतम, हरीश नंद, सुरेंद्र कुमार बौद्ध सहित बड़ी संख्या में बुद्धिजीवी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में संगठन को मजबूत करने और व्यापक स्तर पर बौद्धिक जनों को जोड़ने का संकल्प दोहराया गया।
