UP सहायक अध्यापक बनने से पहले कानपुर में 60 प्रतिशत अभ्यर्थियों ने छोड़ी परीक्षा, जानें कैसा रहा प्रश्नप्रत्र
1 min read
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) की सहायक अध्यापक, प्रशिक्षित स्नातक श्रेणी (एलटी ग्रेड) (कंप्यूटर विषय) की प्रारंभिक परीक्षा-2025 रविवार को 29 केंद्रों पर आयोजित हुई। परीक्षा एक पाली में सुबह 9:30 से 11:30 बजे तक आयोजित की गई। परीक्षा में कुल 12935 अभ्यर्थियों को शामिल होना था। जिसमें में कुल 7666 अभ्यार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी, जबकि 5269 अभ्यर्थियों ने ही परीक्षा दिया। करीब 40 प्रतिशत अभ्यार्थियों ने ही परीक्षा दी।
परीक्षा केंद्रों पर अभ्यार्थियों को सघन जांच के बाद ही अंदर जाने की अनुमति दी गई। पहचान पत्र, प्रवेश पत्र और अन्य आवश्यक दस्तावेजों की बारीकी से जांच की गई। परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए आयोग और जिला प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए थे। सभी केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए थे। जिला प्रशासन की ओर से परीक्षा कराने के लिए सेक्टर मजिस्ट्रेट और स्टेटिक मजिस्ट्रेट की ड्यूटी लगाई गई थी।
नवाबगंज स्थित डीपीएस नगर निगम इंटर कालेज में परीक्षा देने आए अभ्यार्थियों ने बताया कि प्रश्नपत्र का स्तर सामान्य से मध्यम रहा। कम्प्यूटर विषय से जुड़े तकनीकी प्रश्नों के साथ ही शिक्षण पद्धति और विषय ज्ञान पर आधारित प्रश्न पूछे गए। अभ्यार्थियों ने कहा कि पेपर संतुलित था और समय प्रबंधन महत्वपूर्ण भूमिका में रहा। परीक्षा केंद्र से बाहर निकलते अभ्यर्थियों ने बताया कि पेपर का स्तर आसान से माडरेट रहा।
अभ्यर्थियों के अनुसार कंप्यूटर विषय के प्रश्न अपेक्षाकृत सरल थे, जबकि सामान्य अध्ययन (जीएस) के प्रश्न उच्च स्तर के पूछे गए, जिससे कई अभ्यार्थियों को कठिनाई का सामना करना पड़ा। परीक्षा देकर बाहर निकले अभ्यर्थियों का कहना था कि कंप्यूटर से जुड़े तकनीकी प्रश्न अधिक संख्या में आए, जिससे विषय की तैयारी करने वालों को राहत मिली। हालांकि जीएस के कठिन सवालों ने पेपर का संतुलन थोड़ा चुनौतीपूर्ण बना दिया।
