पुस्तक-समीक्षा
“यह किताब खत्म नहीं होती, यह आपको शुरू कर देती है, क्योंकि इस किताब के शब्द भी छिलके हैं, गिरी इसके भीतर है, और वह गिरी आप हैं।”
डॉ. विवेकानंद उपाध्याय
वरिष्ठ स्तंभकार, (देवरिया)
एक योगी की आत्मकथा की समीक्षा हो ही नहीं सकती क्योंकि यह किताब है ही नहीं। किताब वो होती है जिसे आप खत्म करके अलमारी में रख देते हैं, यह वो चीज़ है जिसे आप खत्म करते हैं और यह आपको शुरू कर देती है।
इसकी शुरुआत एक ऐसे सवाल से होती है जो आठ साल के मुकुंद के मन में उठता है, “बंद आँखों के अंधकार के पीछे क्या है?” (पृष्ठ 13, अध्याय 1)। पूरी किताब इसी एक सवाल का जवाब है।
मुकुंद कोई संत पैदा नहीं हुआ था। वह एक बेचैन लड़का था जिसे लगता था मैं सिर्फ नौकरी, शादी और मकान के लिए पैदा नहीं हुआ। यही बेचैनी उसे घर से भगाती है, हिमालय की ओर दौड़ाती है, भूख-प्यास और अकेलेपन से गुजारती है। पर वह उस बेचैनी को दबाता नहीं।
और यहीं हम हार जाते हैं। हमने अपनी बेचैनी को मोबाइल, सीरियल और EMI में दबा दिया है। योगानंद ने नहीं दबाया। फर्क बस इतना है।
इसीलिए दूसरी बार पढ़ते हुए लगता है जैसे मैं पाठक नहीं, अपराधी हूँ। क्योंकि यह किताब योगानंद की कहानी नहीं, मेरी चोरी की कहानी पकड़ लेती है।
और फिर योगानंद एक लाइन में हमारा सारा धर्म-तंत्र उल्टा कर देते हैं, “ईश्वर सरल है। बाकी सब कुछ जटिल है। प्रकृति के सापेक्ष जगत में पूर्ण मूल्यों की खोज मत करो।” (पृष्ठ 48, अध्याय 5)। हमने उल्टा कर दिया। ईश्वर को जटिल कर दिया, कर्मकांड, डर और दिखावे से भर दिया।
जब श्रीयुक्तेश्वर से मुलाकात होती है तो किताब गुरु-शिष्य की किताब नहीं रह जाती, आईना बन जाती है। गुरु डाँटते हैं, परीक्षा लेते हैं, घंटों प्रतीक्षा करवाते हैं, और शिष्य टूटता है, रोता है, पर भागता नहीं। जबकि हम थोड़ी सी डाँट पर रिश्ता छोड़ देते हैं।
और फिर गुरु की सबसे बड़ी सीख आती है, “गुरु ने कभी अंध-विश्वास की सलाह नहीं दी। ‘शब्द तो केवल छिलके हैं,’ उन्होंने कहा। ‘ध्यान में अपने स्वयं के आनंदमय संपर्क से ईश्वर की उपस्थिति का विश्वास प्राप्त करो।’” (पृष्ठ 109, अध्याय 12)। यानी मानो मत, जानो। यही जानना इस किताब की आत्मा है।
योगानंद इस झूठ को एक ही लाइन में तोड़ देते हैं, “एक सच्चा योगी संसार में कर्तव्यपूर्वक रह सकता है; वहाँ वह पानी पर मक्खन की तरह है, न कि अनमथे दूध की तरह जो आसानी से घुल जाता है।” (पृष्ठ 253, अध्याय 24)। यानी योगी भागता नहीं, तैरता है, दुनिया में रहकर भी घुलता नहीं। यही लाहिड़ी महाशय ने किया था, नौकरी करते हुए, परिवार पालते हुए योग की सर्वोच्च अवस्था पा ली।
यहीं लोग गलत सवाल पूछते हैं कि बाबाजी सच में पाँच सौ साल जिए, ट्रेलंगा स्वामी सच में बिना खाए रहे। पर सही सवाल किताब खुद पूछती है कि तुम सच में जी रहे हो? तुम सुबह उठते हो, फोन देखते हो, भागते हो, थकते हो, सो जाते हो। ट्रेलंगा स्वामी तो बिना खाए जी लिए, तुम तो खाकर भी नहीं जी पा रहे।
अंत में यह किताब अधूरी छोड़ दी गई है। योगानंद ने अपनी कहानी लिख दी, तुम्हारी कहानी खाली छोड़ दी। आखिरी पन्ने के बाद एक अदृश्य पन्ना है जहाँ लिखा है अब तुम्हारी बारी है।
तो मेरी सलाह है इस किताब को मत पढ़िए अगर आपको रात को नींद आ जाती है, अगर आपको लगता है सब ठीक चल रहा है। पर अगर रात को दो बजे नींद टूट जाती है और लगता है कुछ तो छूट रहा है, तो समझ लीजिए यह किताब आपको बुला रही है।
और जब बुलाए तो भागिएगा मत। मुकुंद भी भागा था, हिमालय तक भागा था, पर आखिर में उसे समझ आया भागना नहीं था, रुकना था। क्योंकि शब्द तो केवल छिलके हैं (पृष्ठ 109)। इस किताब के शब्द भी छिलके हैं, गिरी इसके भीतर है, और वह गिरी आप हैं।
नींद उड़ाने वाली कथा है “एक योगी की आत्मकथा

More Stories
100 से अधिक MLA, कई मंत्रियों के भी टिकट पर संकट, विजय रथ के रोड़े ढूंढ रही बीजेपी
आयुष्मान योजना में फर्जी पैथोलॉजी रिपोर्ट पर योगी सरकार सख्त, हेरफेर करने वाले अस्पतालों पर गिरेगी गाज
अखिलेश बताएं, उनके लिए कुरान बड़ा है या संविधान: ओपी राजभर