Prakash veg

Latest news uttar pradesh

AIIMS का बड़ा शोध: विटामिन-D की कमी से कमजोर पड़ती है आयरन थेरेपी, संयुक्त उपचार से एनीमिया में तेजी से  सुधार 

लखनऊ। आयरन की कमी से होने वाले एनीमिया के इलाज में विटामिन-D की भूमिका को लेकर AIIMS नई दिल्ली का महत्वपूर्ण शोध सामने आया है। यह शोध प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय पत्रिका The Journal of Nutrition में प्रकाशित हुआ है।

शोध के अनुसार, जिन एनीमिया मरीजों में विटामिन-D की कमी थी, उनमें सिर्फ आयरन देने से अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। लेकिन जब आयरन, फोलिक एसिड, विटामिन-B12 के साथ विटामिन-D3 भी दिया गया, तो हीमोग्लोबिन और आयरन के भंडार में बेहतर सुधार देखा गया।

इस अध्ययन में अप्रैल 2023 से जुलाई 2025 के बीच 400 मरीजों को शामिल किया गया, जिनमें से 385 ने 90 दिन का अध्ययन पूरा किया। मरीजों को तीन समूहों में बांटा गया। एक समूह में विटामिन-D सामान्य था, दूसरे में कमी थी लेकिन विटामिन-D नहीं दिया गया, तीसरे में कमी थी और विटामिन-D भी दिया गया।

90 दिन बाद तीसरे समूह का हीमोग्लोबिन 11.95 g/dL पहुंचा, जबकि दूसरे समूह में यह 10.48 g/dL रहा। फेरिटिन भी 51.62 ng/mL बनाम 36.16 ng/mL रहा।

शोध का नेतृत्व AIIMS के फार्माकोलॉजी विभाग के प्रोफेसर डॉ. हरलोकेश नारायण यादव ने किया। फार्मेसिस्ट फेडरेशन के अध्यक्ष सुनील यादव ने कहा, भारत में एनीमिया बड़ी चुनौती है। मरीजों में सिर्फ आयरन नहीं, अन्य पोषक तत्वों की जांच भी जरूरी है। हालांकि डॉक्टर की सलाह के बिना विटामिन-D या आयरन की उच्च खुराक नहीं लेनी चाहिए।

0Shares