यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मां के निधन के बाद भावुक पाती लिखी है। उन्होंने अपने संन्यासी जीवन और मां के बीच संवाद का एक पुराना प्रसंग शेयर किया है। मां के नाम लिखी इस भावुक चिट्ठी में योगी ने संन्यास ग्रहण करने के तीन साल बाद घर की दहलीज पर पहुंचने और मां से भिक्षा मांगने के उस पल को याद किया है। साथ ही उन्होंने मां की ममता, त्याग और संस्कारों का जिक्र करते हुए प्रदेशवासियों से निराश्रित और वंचित माताओं का संबल बनने की अपील की है।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर ‘योगी की पाती’ शेयर करते हुए लिखा, ‘सनातन संस्कार मातृ वंदना से अभिसिंचित हैं। कुछ ऋण ऐसे होते हैं, जो कभी चुकाए नहीं जा सकते। हां, हम अपना कर्तव्य अवश्य निभा सकते हैं। सार्वजनिक जीवन में आने के बाद प्रदेश की मातृशक्ति के लिए यही कर्तव्य निभाने का प्रयास कर रहा हूं। प्रत्येक मां के प्रति सच्चा सम्मान यही होगा कि आज हर प्रदेशवासी यह संकल्प ले कि वह किसी निराश्रित मां का संबल बनेगा, किसी वंचित माँ की पीड़ा को समझेगा और किसी दुखियारी मां के चेहरे पर मुस्कुराहट लाएगा।’
सीएम ने आगे लिखा, ‘मां के न होने का अर्थ केवल किसी व्यक्ति का जीवन में नहीं होना भर नहीं, यह भावनात्मक सुरक्षा, बिना शर्त प्यार और घर की एक गहरी छांव के हट जाने जैसा है। मेरी प्रथम गुरु, मुझे अक्षर ज्ञान देने वाली पूजनीय मां जब अनंत यात्रा पर निकल गईं, तो मेरी आंखों के सामने वह दृश्य बरबस ही कौंध गया, जब मैं संन्यास ग्रहण करने के तीन वर्ष से भी अधिक समय बीत जाने पर भगवा वस्त्र में अपने घर की दहलीज के बाहर खड़ा था। गोरखपुर से पंचू की इस यात्रा में भावनाओं का ज्वार उमड़-घुमड़ रहा था। संन्यास परंपरा के महत्वपूर्ण विधान के अनुसार, मैंने भिक्षा के लिए आवाज लगाई। आवाज सुनकर मां बाहर आईं, तो उन्हें सहसा विश्वास नहीं हो पा रहा था। मां कुछ बोल पातीं, उससे पहले ही मैंने कहा कि मां, भिक्षा दीजिए। मां ने खुद को संभालने की कोशिश की और कहा कि बेटा, यह क्या हाल बना रखा है? घर में क्या कमी थी, जो भीख मांग रहे हो? मैंने उत्तर दिया कि मां, संन्यास मेरा धर्म है। एक योगी की भूख भिक्षा से ही मिटेगी। मां, मैं यहां रहने नहीं, भिक्षा मांगने आया हूं। आप भिक्षा में जो कुछ देंगी, वही मेरे मनोरथ को पूर्ण करेगा। मां की ममता ने संन्यासी बेटे के संकल्प का सम्मान किया।’
योगी ने लिखा, ‘सनातन संस्कार मातृ वंदना से अभिषिंचित हैं। कुछ ऋण ऐसे होते हैं, जो कभी चुकाए नहीं जा सकते। हां, हम अपना कर्तव्य अवश्य निभा सकते हैं। सार्वजनिक जीवन में आने के बाद प्रदेश की मातृशक्ति के लिए यही कर्तव्य निभाने का प्रयास कर रहा हूं। प्रत्येक मां के प्रति सच्चा सम्मान यही होगा कि आज हर प्रदेशवासी यह संकल्प ले कि वह किसी निराश्रित मां का संबल बनेगा, किसी वंचित मां की पीड़ा को समझेगा और किसी दुखियारी मां के चेहरे पर मुस्कुराहट लाएगा।’

More Stories
अयोध्या-जनकपुर के बीच आज से चलेगी ट्रेन, मोदी-योगी दिखाएंगे हरी झंडी
पेमेंट विवाद में फायरिंग करने वाला वांछित अभियुक्त वाराणसी से गिरफ्तार
प्रतापगढ़: जीआरपी ने शातिर महिला चोर को किया गिरफ्तार