Prakash veg

Latest news uttar pradesh

अयोध्या-जनकपुर के बीच आज से चलेगी ट्रेन, मोदी-योगी दिखाएंगे हरी झंडी

यूपी के अयोध्या से नेपाल के जनकपुरधाम के बीच चलने वाली सरयू-कमला एक्सप्रेस का उद्घाटन सोमवार को होगा। ट्रेन दोपहर 12:30 बजे अयोध्या से नेपाल के लिए रवाना होगी। उद्घाटन समारोह दिल्ली और अयोध्या, दोनों जगहों से जुड़ेगा। दिल्ली से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह वर्चुअल माध्यम से ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। वहीं, अयोध्या रेलवे स्टेशन पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ट्रेन को रवाना करेंगे। स्पेशल ट्रेन नंबर 04295 अयोध्या धाम से दोपहर 12:30 बजे रवाना होगी। यह मनकापुर, बस्ती, गोरखपुर, रक्सौल, सीतामढ़ी, शीशो हाल्ट, मधुबनी और जयनगर स्टेशन पर रुकेगी। अगले दिन सुबह 10 बजे जनकपुरधाम पहुंचेगी।

अयोध्या-जनकपुरधाम ट्रेन 24 नवंबर को दोपहर एक बजे जनकपुरधाम से रवाना होगी और अगले दिन सुबह 8:10 बजे अयोध्या धाम पहुंचेगी। उद्घाटन के बाद नियमित ट्रेन संचालन की अधिसूचना पूर्व मध्य रेलवे की ओर से अलग से जारी की जाएगी। नियमित ट्रेन का नंबर 15595/15596 होगा। ट्रेन में सात स्लीपर, तीन एसी थ्री टियर, दो एसी टू टियर, एक पावर कार, गार्ड कोच और एक एसएलआरडी कोच शामिल होगा।

सरयू कमला एक्सप्रेस ट्रेन का मूल किराया भारतीय रेल में लागू दरों के अनुसार होगा। इसके अलावा रिजर्वेशन शुल्क, सुपरफास्ट चार्ज और लागू जीएसटी देना होगा। यात्री IRCTC की वेबसाइट, मोबाइल ऐप और आरक्षण केंद्रों से टिकट बुक करा सकेंगे। टिकट प्राप्त करने के लिए पहचान पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। पहचान पत्र के अंतिम चार अंक टिकट पर दर्ज किए जाएंगे। कुल सीटों में 70 प्रतिशत कोटा पूरी दूरी की यात्रा के लिए और 30 प्रतिशत कोटा मध्यवर्ती स्टेशनों से बुकिंग के लिए निर्धारित किया गया है।

इस ट्रेन में तत्काल, प्रीमियम तत्काल, वरिष्ठ नागरिक रियायत, महिला और वीआईपी कोटा की सुविधा नहीं होगी। रेलवे पास, मानार्थ पास, विधायक कूपन और मिलिट्री वारंट भी मान्य नहीं होंगे। टिकट खोने पर डुप्लीकेट टिकट जारी नहीं किया जाएगा। बोर्डिंग स्टेशन बदलने की सुविधा भी नहीं मिलेगी। भारत और नेपाल के नागरिक पहचान पत्र के साथ यात्रा कर सकेंगे। सफर के दौरान टिकट के साथ पहचान पत्र दिखाना अनिवार्य होगा।

उधर, राज्य सरकार की ओर से जारी एक बयान के मुताबिक, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या और नेपाल के जनकपुर धाम के बीच सीधे रेल संपर्क को भारत और नेपाल के सदियों पुराने धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक संबंधों को मजबूत करने वाला महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि अयोध्या और जनकपुर का संबंध केवल दो नगरों का नहीं बल्कि भगवान श्रीराम और माता जानकी की साझा विरासत, आस्था और परंपराओं का संबंध है।

0Shares