हत्यारों ने घर पर खजूर और खीरे खाए’: बांग्लादेश में हिंदू शिक्षक समेत परिवार के चार लोगों की हत्या
1 min readपुलिस ने दावा किया है कि उसने हत्या की गुत्थी को सुलझा लिया है और दो संदिग्धों को गिरफ़्तार किया है
बांग्लादेश के उत्तरी ज़िले रंगपुर में पूर्व ज़िला स्कूल शिक्षक समेत एक परिवार के चार सदस्यों की हत्या के मामले में दो संदिग्धों को पुलिस ने गिरफ़्तार किया है.

पुलिस ने कहा कि संदिग्धों ने हत्या की और वारदात को अंजाम देने से पहले घर की छत पर नशीले पदार्थों का सेवन किया.
रंगपुर मेट्रोपॉलिटन पुलिस कमिश्नर मोहम्मद अब्दुल माबूद ने दावा किया कि हत्या की गुत्थी को बहुत कम समय में पुलिस ने सुलझा लिया है.
लेकिन मृतक के भाई ने सही जांच कर असली अपराधियों के पकड़ने की मांग की है.
इस अपराध के मामले में शामिल लोगों से पूछताछ के बाद रंगपुर के डीसी सनातन चक्रवर्ती ने कहा कि अभियुक्तों ने कबूल किया है कि रिटायर्ड शिक्षक और उनके परिवार के सदस्यों की हत्या के बाद वे 6-7 घंटे तक घर में ही रहे थे.
उन्होंने बीबीसी बांग्ला को बताया, “सुबह दोनों संदिग्धों को हिरासत में लेने के बाद उनसे विधिवत पूछताछ की गई. उन्होंने हत्या की बात कबूल की. हमने उनसे एक साथ और अलग-अलग पूछताछ करके इसकी पुष्टि की है.”
रंगपुर मेट्रोपॉलिटन कोतवाली पुलिस स्टेशन के प्रभारी अधिकारी एकेएम नजमुल कादर ने कहा कि मृत शिक्षक के भाई गोपीनाथ चक्रवर्ती ने घटना को लेकर अज्ञात लोगों के ख़िलाफ़ मामला दर्ज कराया है.
चक्रवर्ती ने बीबीसी बांग्ला को बताया, “ख़बर मिलने के बाद मैं गांव से आया. मैंने मामला दर्ज कराया है. मुझे उम्मीद है कि पुलिस सही तरीके से जांच करेगी और पता लगाएगी कि क्या हुआ था.”
