सभी अपने-अपने घर जाएं; सरकार के मांगें मानते ही कॉकरोच पार्टी के नेताओं ने प्रदर्शनकारियों से की अपील
1 min read
केंद्र सरकार के साथ हुई तीसरे दौर की बातचीत के बाद कॉकरोच जनता पार्टी ने अपना आंदोलन तत्काल वापस ले लिया है। पार्टी ने यह फैसला केंद्र सरकार द्वारा उसकी तीनों मांगों को मान लेने के बाद किया। इसके साथ ही CJP के प्रवक्ताओं ने जंतर-मंतर पर मौजूद प्रदर्शनकारियों से वापस अपने अपने घर जाने को भी कह दिया है। इससे पहले केंद्र सरकार और कॉकरोच जनता पार्टी के दोनों प्रतिनिधियों के बीच शनिवार दोपहर को तीसरे दौर की बातचीत हुई, जिसमें शामिल सरकार के दोनों मंत्रियों ने CJP की सभी मांगों को मान लेने पर सहमति जता दी। बैठक के सफलतापूर्वक खत्म होने के बाद कॉकरोच पार्टी के प्रवक्ता ने कहा, ‘हमारी मांगें क्रांतिकारी नहीं बल्कि बुनियादी थीं, और सरकार ने अब उन्हें मान लिया है।’
सरकार के प्रतिनिधियों के साथ बातचीत खत्म होने के बाद हुई संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में CJP नेताओं ने सभी प्रदर्शनकारियों से शांतिपूर्वक घर जाने की अपील की। उधर सरकार की तरफ से बैठक में शामिल स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने बताया कि CJP की सभी प्रमुख मांगों को मान लिया गया है। इनमें से उनकी पहली मांग धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा था, जो हो चुका है। वहीं CJP की दूसरी मांग यानी NEET पीड़ितों के परिवार को 1-1 करोड़ का मुआवजा देने को लेकर उन्होंने कहा, मुआवजे पर नियमों के तहत फैसला होगा और अधिक से अधिक राशि देने की कोशिश की जाएगी। वहीं तीसरी मांग को लेकर उन्होंने कहा कि प्रदर्शनकारियों के खिलाफ दर्ज सभी FIR वापस ली जाएंगी और सभी FIR की कॉपी साझा की जाएगी। उन्होंने इस बारे में मंगलवार को लिखित गारंटी देने की बात कही।
सरकार ने मांगी कॉकरोच जनता पार्टी की ये मांगें
1. NEET पेपर लीक से जुड़े आत्महत्या के मामलों में पीड़ित परिवारों को ज्यादा से ज्यादा मुआवजा दिया जाएगा।
2. केंद्र सरकार और NDA-शासित राज्यों द्वारा दर्ज सभी FIR वापस ले ली जाएंगी और भविष्य में इन विरोध प्रदर्शनों में शामिल किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जाएगी।
‘हम अपील करते हैं कि आप शांतिपूर्वक घर चले जाएं’
संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में CJP के राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रांका ने कहा, ‘सीजेपी के समर्थकों और प्रदर्शनकारियों से अपील करते हैं कि वे शांतिपूर्वक चले जाएं, क्योंकि हमारी जो भी मांगें थीं, वो मान ली गई हैं। आगे की जो भी रणनीति होगी, उससे हम आपको जल्द ही अवगत कराएंगे। हमारा जो डिमांड चार्टर है वो हमने सरकार के प्रतिनिधियों को कल दिया था, और उस डिमांड चार्टर को लेकर अगले चार हफ्तों में सरकार के प्रतिनिधियों से हमारी फिर मुलाकात होगी। मगर अभी हम अपने तमाम हमारे जो भी समर्थक हैं, प्रदर्शनकारी हैं, जो जंतर-मंदर के अलावा अलग-अलग जगहों पर मौजूद हैं, उनसे हम अनुरोध करते हैं कि वो शांतिपूर्वक वहां से चले जाएँ।’
