पेपर लीक पर निर्मला सीतारमण ने विपक्ष को घेरा, बोलीं- पीएम मोदी ने दिया आश्वासन, कई छात्रों ने चुनौती स्वीकार कर किया शानदार प्रदर्शन
1 min read
नीट पेपर लीक मामले को लेकर जंतर-मंतर पर चल रहे विरोध प्रदर्शन के बीच केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने विपक्ष के तीखे हमलों का करारा जवाब दिया है। एक समाचार एजेंसी को दिए साक्षात्कार में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वयं छात्रों की स्थिति पर प्रतिक्रिया देते हुए आश्वासन दिया है कि पेपर लीक करने वालों को त्वरित न्याय का सामना करना पड़ेगा और सरकार इस पूरे मामले को लेकर पूरी तरह संवेदनशील है।
कई छात्रों ने चुनौती को स्वीकार कर बेहतर किया प्रदर्शन
वित्त मंत्री ने बताया कि कई युवा ऐसे भी हैं जो सामने आकर कह रहे हैं कि पेपर लीक के बाद उन्हें बुरा तो लगा, लेकिन उन्होंने इस चुनौती को स्वीकार किया और इसके बाद और भी बेहतर तैयारी कर शानदार प्रदर्शन किया। सीतारमण ने कहा कि सरकार ने इस घटना के बाद समय पर कार्रवाई की, गिरफ्तारियां हुईं, समय पर दोबारा परीक्षा कराई गई और नतीजे भी घोषित कर दिए गए, जिसकी वजह से युवा अब अपनी क्षमता के अनुसार कॉलेजों में एडमिशन ले रहे हैं।
पीएम स्तर पर दिया गया जवाब
सीतारमण ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा, अगर सरकार संवेदनशील नहीं होती या कोई प्रतिक्रिया नहीं देती, तो मैं विपक्ष के ऐसे हमले को समझ सकती थी। लेकिन प्रधानमंत्री स्तर पर इस पर जवाब दिया गया है और उन्होंने वादा किया है कि पेपर लीक के लिए जिम्मेदार लोगों को सजा दी जाएगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि तैयारी कर रहे बच्चों की उम्र के हिसाब से ये बातें बहुत संवेदनशील होती हैं और सरकार इस मामले में कोई कोताही नहीं बरत रही है।
