बेटियों की सुरक्षा से ही बनेगा सशक्त समाज, योजनाओं का लाभ हर पात्र तक पहुंचे: डीएम
1 min readदेवरिया। जिला प्रशासन की ओर से महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं अधिकारों को लेकर “सुरक्षित बेटियाँ–सशक्त परिवार, समृद्ध समाज” विषय पर यूट्यूब लाइव के माध्यम से जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने कहा कि किसी भी समाज की वास्तविक प्रगति उसकी बेटियों की सुरक्षा, शिक्षा और आत्मनिर्भरता से तय होती है। उन्होंने ग्राम प्रधानों, आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों, शिक्षकों और स्वयं सहायता समूहों से सरकारी योजनाओं की जानकारी हर पात्र परिवार तक पहुंचाने का आह्वान किया।
डीएम ने बाल विवाह, बाल श्रम, महिला हिंसा, मानव तस्करी और लैंगिक भेदभाव जैसी कुरीतियों के खिलाफ सामूहिक प्रयास की आवश्यकता बताई। उन्होंने जन्म पंजीकरण, बालिकाओं के नियमित नामांकन और शिक्षा सुनिश्चित करने पर जोर दिया। जिला प्रोबेशन अधिकारी ने मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, स्पॉन्सरशिप योजना और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की जानकारी दी। वहीं, वन स्टॉप सेंटर के माध्यम से हिंसा पीड़ित महिलाओं को मिलने वाली चिकित्सकीय, कानूनी और परामर्श सेवाओं की जानकारी साझा की गई।
सहायक श्रमायुक्त ने निर्माण श्रमिकों के लिए संचालित कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। अंत में डीएम ने कहा कि महिलाओं और बच्चों के प्रति संवेदनशील समाज ही विकसित समाज की पहचान है। उन्होंने सभी नागरिकों से सरकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचाने और किसी भी प्रकार के उत्पीड़न की सूचना संबंधित विभाग को देने की अपील की।
