Prakash veg

Latest news uttar pradesh

“12 बजे सोकर उठते हैं बबुआ…” पीलीभीत में अखिलेश यादव पर बरसे सीएम योगी

1 min read

पीलीभीत: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पीलीभीत में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस और समाजवादी पार्टी (सपा) पर अब तक का सबसे आक्रामक हमला बोला है। मुख्यमंत्री ने देश के विभाजन से लेकर उत्तर प्रदेश की पुरानी कानून-व्यवस्था को लेकर विपक्ष को कटघरे में खड़ा किया। विस्थापितों को जमीन के मालिकाना हक के कागज सौंपते हुए सीएम योगी ने भरोसा दिया कि अब डबल इंजन की सरकार में इन्हें कोई भी अपनी जमीन से बेदखल नहीं कर पाएगा।

‘कांग्रेस के पाप के कारण बना पाकिस्तान और बांग्लादेश’

इतिहास के पन्नों को पलटते हुए सीएम योगी ने कहा, “कांग्रेस के पापों के कारण ही देश का विभाजन हुआ और पाकिस्तान व बांग्लादेश का जन्म हुआ। विभाजन के समय लाखों हिंदुओं का कत्लेआम हुआ और उन्हें अपनी ही पैतृक भूमि को छोड़ना पड़ा। नागरिकता संशोधन कानून (CAA) के तहत जिन लोगों को आज भारत की नागरिकता मिली है, वे अधिकांश दलित और पिछड़े समाज के लोग हैं। लेकिन बेशर्मी की हद देखिए कि कांग्रेस और सपा ने इस मानवीय कानून का भी विरोध किया। इन्हें सिख और हिंदू शरणार्थियों की कोई चिंता नहीं है, ये देश की कीमत पर राजनीति करते हैं।” उन्होंने आरोप लगाया कि सपा और कांग्रेस को केवल मुसलमानों के तुष्टिकरण की ही चिंता सताती रहती है।

अखिलेश यादव पर तीखा तंज— “बबुआ 12 बजे सोकर उठते हैं”

सपा प्रमुख अखिलेश यादव का नाम लिए बिना उन पर करारा हमला बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, “इनके पास गरीबों के बारे में सोचने का समय ही कहां है? बबुआ दोपहर 12 बजे सोकर उठते हैं, 2 बजे तक तैयार होते हैं और शाम 5 बजे जिम चले जाते हैं।” उन्होंने कहा कि सपा सरकार में विकास के नाम पर ‘सब कुछ सैफई’ तक ही सीमित था और जनता बेहाल थी।

“यूपी में नो कर्फ्यू, नो दंगा—सब चंगा”

सूबे की कानून-व्यवस्था में आए बदलाव पर मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले की सरकारों में दंगाइयों को मुख्यमंत्री आवास पर बुलाकर सम्मानित किया जाता था। लेकिन आज उत्तर प्रदेश में ‘नो कर्फ्यू, नो दंगा—सब चंगा’ का माहौल है। दंगा करने वाले अब गले में तख्ती लटकाकर सरेंडर करने चलते हैं और बड़े-बड़े माफिया आज सड़कों पर ठेला लगाने को मजबूर हैं।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published.

https://slotbet.online/