चोरी की कई घटनाओं का एसपी ने किया खुलासा, सोने चांदी के भारी भारी मात्रा में आभूषण बरामद,तीन गिरफ्तार
1 min read
देवरिया। जनपद की कोतवाली पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। संयुक्त टीम ने चोरी की कई घटनाओं का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों के पास से भारी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में बंद मकानों को निशाना बनाकर चोरी की वारदातों को अंजाम दिया था। पुलिस ने दावा किया है कि गिरफ्तार आरोपी कई थाना क्षेत्रों में हुई चोरी की घटनाओं में शामिल रहे हैं।
पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने पुलिस लाइन सभागार में चोरी की उक्त घटना का खुलासा करते हुए कहा कि मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने मालगोदाम के पास से संदीप गुप्ता उर्फ बुलबुल, अंकित गुप्ता और पूनम गुप्ता को गिरफ्तार किया।
बरामद सामान में 10 कंगन, 3 हार, 5 झुमके, 2 माथ टीका, 3 अंगूठी, 1 चेन, 2 नथिया, ओम लॉकेट सहित कई सोने के आभूषण तथा करधनी, पाजेब, पायल, बिछिया समेत चांदी के जेवर शामिल हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने भुजौली कॉलोनी, बरारी उर्फ मछरीगांवा और सोंदा गांव में बंद मकानों का ताला तोड़कर चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया था। चोरी के बाद जेवरात बेचकर मिले पैसों को आपस में बांटकर मौज-मस्ती में खर्च करते थे। आरोपियों ने मदनपुर, भलुअनी और महुआडीह थाना क्षेत्रों में भी चोरी की घटनाओं में शामिल होने की बात स्वीकार की है।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी संदीप गुप्ता और अंकित गुप्ता पर पहले से भी चोरी और अन्य मामलों के कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर संबंधित मुकदमों में बढ़ोत्तरी धाराएं लगाते हुए आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
