एक दिन की जिलाधिकारी बनीं साक्षी दूबे मिशन शक्ति से बढ़ा आत्मविश्वास
1 min read
देवरिया। महिला सशक्तिकरण और बालिकाओं में नेतृत्व क्षमता विकसित करने के उद्देश्य से संचालित मिशन शक्ति फेज-5 के तहत कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित एक दिन की जिलाधिकारी कार्यक्रम ने छात्राओं में नया उत्साह और आत्मविश्वास जगाया।
कार्यक्रम के अंतर्गत चयनित छात्रा साक्षी दूबे को एक दिन के लिए जिलाधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई। इस दौरान उन्होंने जिलाधिकारी कक्ष में बैठकर प्रशासनिक कार्यप्रणाली को करीब से समझा। विभिन्न विभागों के अधिकारियों से संवाद कर उन्होंने उनके कार्यों की जानकारी ली और जनहित से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा की।
कार्यक्रम जिलाधिकारी दिव्या मित्तल के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। उन्होंने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि लगन, मेहनत और दृढ़ संकल्प से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। साथ ही उन्होंने बालिकाओं को बड़े सपने देखने और चुनौतियों का डटकर सामना करने के लिए प्रेरित किया।
इस पहल के दौरान छात्राओं में प्रशासनिक कार्यों के प्रति खासा उत्साह और जिज्ञासा देखने को मिली। अधिकारियों ने भी इस कार्यक्रम को बालिकाओं के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
