भव्य रूप से मनाई गई डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती
1 min readदेवरिया। जनपद में भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती गरिमापूर्ण एवं भव्य ढंग से मनाई गई। जयप्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय, राजकीय अनुसूचित छात्रावासों, वृद्धाश्रम, मुख्यमंत्री अभ्युदय कोचिंग एवं विभागीय कार्यालयों में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।
जयप्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय, मेहरौना में आयोजित कार्यक्रम में रामपुर कारखाना विधायक सुरेन्द्र चौरसिया उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पण के साथ हुई। इसके बाद आयोजित विचार गोष्ठी में विधायक ने बाबा साहब के कार्यों एवं विचारों पर प्रकाश डालते हुए छात्रों को उनके पदचिह्नों पर चलने के लिए प्रेरित किया। जिला समाज कल्याण अधिकारी ने भी छात्रों को उनके जीवन से प्रेरणा लेने तथा छात्र जीवन में उसकी उपयोगिता पर विस्तार से जानकारी दी।
राजकीय अनुसूचित जाति छात्रावास, नाथनगर एवं रघवापुर में सभासद अरुण कुमार गौतम मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। यहां आयोजित विचार गोष्ठी में डॉ. अंबेडकर के बहुआयामी व्यक्तित्व, समानता एवं सामाजिक न्याय के सिद्धांतों, उनके जीवन, शिक्षाओं तथा संविधान निर्माण में उनके महत्वपूर्ण योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला गया।
वृद्धाश्रम मेहड़ा पूर्वी में समाजसेवी मनोज मैथिल एवं रेनू सिंहा की उपस्थिति में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर वृद्धाश्रम के संवासियों के साथ गोष्ठी कर सभी ने अपने-अपने विचार व्यक्त किए।
राजकीय इंटर कॉलेज, देवरिया में विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री अभ्युदय कोचिंग में भी डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती भव्यतापूर्वक मनाई गई। कार्यक्रम में भुजौली कालोनी के सभासद रमेश मल्ल विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस दौरान छात्रों द्वारा भाषण प्रतियोगिता, कविता पाठ एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए।
इस दौरान निबंध लेखन, व्याख्यान, वाद-विवाद एवं पोस्टर प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्रों को मुख्य अतिथि सुरेन्द्र चौरसिया तथा जिला समाज कल्याण अधिकारी सुधीर पांडेय द्वारा पुरस्कार प्रदान किए गए।
