अखिलेश का आरोप- आपदा में अवसर खोज रहे बीजेपी वाले, LPG सिलेंडर की कालाबाजारी में शामिल
1 min read
ईरान-इजरायल तनाव के बीच देश में गहराते एलपीजी संकट को लेकर अखिलेश यादव ने बीजेपी सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में गैस सिलेंडरों की जमाखोरी और कालाबाजारी में भाजपा से जुड़े लोग शामिल हैं। अखिलेश यादव ने तंज कसते हुए कहा कि प्रदेश के एक डिप्टी सीएम के बयान से यह संकेत मिलता है कि सिलेंडर की उपलब्धता को लेकर सरकार खुद सवालों के घेरे में है। उन्होंने मांग की कि यदि डिप्टी सीएम लोगों तक सिलेंडर पहुंचाने का दावा कर रहे हैं तो उन्हें अपना संपर्क सार्वजनिक करना चाहिए।सपा प्रमुख ने भाजपा कार्यकर्ताओं पर भी निशाना साधते हुए सवाल उठाया कि संकट के समय वे आम लोगों की मदद के लिए मैदान में क्यों नहीं दिख रहे।
उन्होंने कहा कि गैस एजेंसियों और पेट्रोल पंपों पर लगी लंबी लाइनों में लोगों की सहायता करने के बजाय भाजपा कार्यकर्ता “भूमिगत” हो गए हैं। अखिलेश यादव ने “आपदा में अवसर” के नारे पर भी हमला करते हुए आरोप लगाया कि पहले कृत्रिम कमी पैदा की जाती है, फिर डर और अफवाह फैलाकर कीमतें बढ़ाई जाती हैं और बाद में कालाबाजारी के जरिए मुनाफा कमाया जाता है। उन्होंने कहा कि जनता महंगाई और किल्लत से परेशान है और भाजपा की नीतियों से नाराज भी। अंत में उन्होंने नारा दिया— “भाजपा हटाओ, सुख-चैन पाओ।”
वहीं दूसरी तरफ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रसोई गैस सिलेंडर और पेट्रोल-डीजल को लेकर संयम बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि अफवाहों पर ध्यान न दें, रसोई गैस सिलेंडर घर पहुंचेगा। योगी गुरुवार को गीडा में सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क्स ऑफ इंडिया के गोरखपुर सेंटर के लोकार्पण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि खाड़ी युद्ध से पहले किसी के घर में एक माह तक सिलेंडर चल जाता था तो वह अब पांचवें, छठे दिन ही सिलेंडर लेने क्यों पहुंच रहा है। जब सिलेंडर खत्म होने वाला हो, चार-पांच दिन पहले जाएं, बुकिंग कराएं तो घर गैस पहुंच जाएगी।प्रदेश के अंदर जिला प्रशासन से व्यवस्था करने को कहा गया है कि जैसे पहले होम डिलीवरी होती थी, वैसे ही हो। लाइन की आवश्यकता नहीं है। कुछ लोग अफवाह फैला कर माहौल खराब करना चाहते हैं, अव्यवस्था पैदा करने का प्रयास कर रहे हैं।
