यातायात पुलिस का अभियान: 126 वाहनों का चालान, दो वाहन सीज
1 min readदेवरिया। दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात नियमों का पालन कराने के लिए यातायात पुलिस ने सोमवार को शहर क्षेत्र में विशेष चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन के निर्देशन में यातायात प्रभारी गुलाब सिंह ने टीम के साथ कोतवाली क्षेत्र में ई-रिक्शा समेत विभिन्न वाहनों की जांच की।
अभियान के दौरान वैध कागजात वाले ई-रिक्शा वाहनों पर नंबरिंग की गई, जबकि बिना हेलमेट, तीन सवारी बाइक चलाने वालों, सड़क किनारे वाहन खड़ा कर सवारी भरने वाले ऑटो व ई-रिक्शा चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। साथ ही बिना फिटनेस और बिना ड्राइविंग लाइसेंस के चल रहे ई-रिक्शा वाहनों के विरुद्ध भी मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
यातायात पुलिस ने अभियान के दौरान कुल 126 वाहनों का ई-चालान किया, जबकि दो वाहनों को सीज किया गया। पुलिस का कहना है कि इस प्रकार की कार्रवाई से यातायात नियमों के पालन को बढ़ावा मिलता है और सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम में मदद मिलती है। साथ ही वाहन चालकों को यह संदेश भी दिया जाता है कि नियमों का उल्लंघन करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
