उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा को लेकर पुलिस सतर्क, एएसपी ने परीक्षा केंद्रों व स्ट्रांग रूम का किया निरीक्षण
1 min readदेवरिया। जनपद में 14 व 15 मार्च को आयोजित होने वाली उत्तर प्रदेश पुलिस उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन सतर्क हो गया है। पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी आनंद कुमार पाण्डेय ने सोमवार को विभिन्न परीक्षा केंद्रों तथा स्ट्रांग रूम का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की स्थिति, प्रवेश व निकास द्वारों की निगरानी, परीक्षार्थियों की चेकिंग व्यवस्था तथा परीक्षा से संबंधित गोपनीय सामग्री के सुरक्षित रख-रखाव की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों व केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिया कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही या संदिग्ध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
एएसपी ने सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने तथा प्रवेश से पहले प्रत्येक परीक्षार्थी की सघन तलाशी के निर्देश दिए, ताकि कोई भी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण या प्रतिबंधित सामग्री परीक्षा कक्ष में न ले जा सके।
इसके अलावा उन्होंने स्ट्रांग रूम की सुरक्षा व्यवस्था का भी निरीक्षण किया और निर्देश दिया कि वहां लगे सीसीटीवी कैमरों की लगातार निगरानी की जाए तथा केवल अधिकृत व्यक्तियों को ही प्रवेश दिया जाए। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पहले से प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
