Prakash veg

Latest news uttar pradesh

टीम इंडिया के चैंपियन बनने में ‘जिम्बाब्वे फैक्टर’, वर्ल्ड कप में तीन बार दिखा ये गजब का संयोग

1 min read

सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली भारतीय टीम ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 जीतकर स्वर्णिम अध्याय लिखा। भारत ने अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आयोजित फाइनल में न्यूजीलैंड को 96 रन से रौंदा। खिताबी मुकाबले में संजू सैमसन की भूमिका अहम रही तो जसप्रीत बुमराह के योगदान को भी याद रखा जाएगा। ओपनर सैमसन ने 46 गेंदों में 89 रनों की तूफानी खेली, जिसकी बदौलत भारत ने 255/5 का विशाल स्कोर बनाया। वहीं, तेज गेंदबाज बुमराह ने चार ओवर में 15 रन देकर चार विकेट चटकाए। वह प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए। सैमसन ने प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का अवॉर्ड जीता। भारत लगातार दूसरी बार टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाली पहली पुरुष टीम बन गई है।

भारत ने अब तक कुल पांच आईसीसी वर्ल्ड कप जीते हैं। भारत दो बार वनडे वर्ल्ड कप चैंपियन बना तो तीन मर्तबा सबसे छोटे फॉर्मेट के वर्ल्ड कप में खिताब हासिल किया। भारत की पांच खिताबी में जीत से तीन बार ‘जिम्बाब्वे फैक्टर’ का गजब संयोग देखने को मिला है। दरअसल, जिम्बाब्वे की टीम ने जब भी आईसीसी वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलिया को हराया है तो भारत ने खिताब जीता है। पहली बार ऐसा 1983 वनडे वर्ल्ड कप में हुआ था। तब जिम्बाब्वे ने ट्रेंट ब्रिज में आयोजित मैच में ऑस्ट्रेलिया को 13 रनों से मात दी थी। भारत ने 1983 के फाइनल में वेस्टइंडीज को 43 रनों से हराकर खिताब पर कब्जा जमाया।

जिम्बाब्वे ने दूसरी बार आईसीसी इवेंट में ऑस्ट्रेलिया को साल 2007 में आयोजित टी20 वर्ल्ड कप में हराया। उस वक्त जिम्बाब्वे ने ग्रुप चरण में ऑस्ट्रेलिया को 138/9 पर रोकने के बाद पांच विकेट से विजयी परचम फहराया था। भारत ने टूर्नामेंट के फाइनल में पाकिस्तान पर पांच से रोमांचक जीत दर्ज की थी। जिम्बाब्वे ने 2026 टी20 वर्ल्ड कप में भी ऑस्ट्रेलिया को ग्रुप चरण में धूल चटाई। ऑस्ट्रेलियाई टीम कोलंबो में 170 का टारगेट चेज नहीं कर सकी और 23 रनों से हार का मुंह देखा। सिकंदर रजा की कप्तानी वाली जिम्बाब्वे के खिलाफ उलटफेर होने से ऑस्ट्रेलिया का अभियान शुरुआती चरण में ही समाप्त हो गया था। जिम्बाब्वे पहली बार सुपर-8 तक पहुंचा, जहां उसने तीनों मैच गंवाए।

भारत ने तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप जीतकर इतिहास रचा है। भारत तीन बार यह ट्रॉफी जीतने वाली इकलौती टीम है। एमएस धोनी भारत के पहले टी20 वर्ल्ड कप विजेता कप्तान हैं। उनकी अगुआई में भारत ने 2007 में पहला टूर्नामेंट जीता था। इसके बाद रोहित शर्मा के नेतृत्व में भारत ने 2024 में दूसरा खिताब जीता। धोनी और रोहित रविवार को फाइनल देखने के लिए नरेंद्र मोदी स्टेडियम आए थे। इसके साथ ही तीन साल पहले इसी मैदान पर आस्ट्रेलिया से वनडे वर्ल्ड कप फाइनल हारने वाली रोहित की टीम के पुराने जख्मों पर भी मरहम लगा होगा।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published.

https://slotbet.online/