सोशल मीडिया की दुनिया के चर्चित चेहरे, मशहूर यूट्यूबर और ‘बिग बॉस’ फेम अनुराग डोभाल, जिन्हें दुनिया ‘यूके07 राइडर’ (The UK07 Rider) के नाम से जानती है, शनिवार को एक भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गए। दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर हुई इस घटना ने उनके लाखों प्रशंसकों को स्तब्ध कर दिया है। प्राथमिक सूचनाओं और सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे दावों के अनुसार, यह महज एक दुर्घटना नहीं बल्कि आत्महत्या का प्रयास (Suicide Attempt) बताया जा रहा है। अनुराग की हालत नाजुक बनी हुई है और उन्हें बेहतर इलाज के लिए दिल्ली रेफर किया गया है।
घटना शनिवार दोपहर की है, जब अनुराग डोभाल अपनी फॉर्च्यूनर कार से दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर गाजियाबाद सीमा क्षेत्र से गुजर रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस के अनुसार, कार की रफ्तार बेहद तेज थी। अचानक वाहन अनियंत्रित हुआ और सड़क किनारे डिवाइडर व सुरक्षा घेरे से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हैरान करने वाली बात यह है कि इस हादसे से ठीक पहले का एक कथित ‘लाइव वीडियो’ सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में अनुराग को बेहद तनावपूर्ण स्थिति में देखा जा सकता है, जिसके आधार पर चर्चा है कि उन्होंने जानबूझकर तेज रफ्तार में कार टकराकर अपनी जीवनलीला समाप्त करने की कोशिश की। हालांकि, ‘हिन्दुस्तान’ इस वायरल वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता है।
हादसे के तुरंत बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुँची गाजियाबाद और मेरठ पुलिस ने घायल अनुराग को तुरंत मेरठ के सुभारती अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल के डॉक्टरों के अनुसार, उनके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद, उनकी बिगड़ती हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें दिल्ली के एक हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया है। परतापुर थाना प्रभारी अजय शुक्ला ने पुष्टि की है कि हादसा एक्सप्रेसवे पर हुआ है और घायल का इलाज विशेषज्ञों की देखरेख में चल रहा है।
गौरतलब है कि अनुराग डोभाल पिछले कुछ समय से सोशल मीडिया पर सक्रिय रहते हुए भी काफी परेशान नजर आ रहे थे। उन्होंने कई बार अपनी पोस्ट और वीडियो के जरिए यह संकेत दिए थे कि वे मानसिक रूप से प्रताड़ित महसूस कर रहे हैं। बिग बॉस से बाहर आने के बाद भी उनके कई विवाद चर्चा में रहे थे। उनके करीबियों का मानना है कि लंबे समय से चल रहे मानसिक तनाव और ऑनलाइन ट्रोलिंग ने उन्हें इस आत्मघाती कदम की ओर धकेला हो सकता है। फिलहाल पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और उनके परिवार से संपर्क साधने की कोशिश की जा रही है।